चोरों ने दो दुकानों से उड़ाई हजारों की नगदी
बाजपुर, अमृत विचार: पिछले हिस्से की टिनशेड हटाकर एक के बाद एक दो दुकानों में घुसे चोर हजारों की नगदी एवं शूज चोरी करके ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। वहीं, पीड़ित व्यापारियों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
वार्ड-चार गांधीनगर निवासी रामकुमार, छोटे लाल पुत्रगण कल्लन राम की मुख्यमार्ग पर गुरुद्वारा साहिब के सामने जूते-चप्पल की दुकानें हैं। रोजाना की भांति शनिवार की देर रात भी दोनों व्यापारी दुकानें बंद करके घर चले गए। आरोप है कि रविवार की सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान के पीछे की दीवार में लगी टिनशेड को हटाकर चोर दुकान के अंदर घुस गए। जांच करने पर पता चला कि दुकानों से चोर कई जोड़े जूते एवं गल्ले में रखी नगदी चोरी करके ले गए हैं।
पीड़ितों ने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना की सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों की तलाश कर रही है। बता दें कि रामकुमार की दुकान में 3 फरवरी को भी इसी तरह चोरी की घटना हो चुकी है।
