उन्नाव में डंपर ने दो बाइक सवारों को रौंदा: दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत व दो की हालत गंभीर
उन्नाव, अमृत विचार। शादी समारोह से खाना बनाकर बाईकों से लौट रहे पांच युवकों को तेज रफ्तार डंपर टक्कर मारते हुए भाग निकला। इसमें दो जुड़वा भाइयों और एक मौसेरे भाई की मौके पर मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक सवार दो भाई गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को मोर्चरी भेजने के साथ घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है।
बिहार थानाक्षेत्र के भगवंतनगर कस्बा के वार्ड-दो निवासी मो. सीनियर कैटर्स का कार्य करता है। रविवार को उसे मौरावां थानाक्षेत्र पठई गांव में एक शादी समारोह में खाना बनाने का काम मिला था। जिसमें मदद के लिए सीनियर का बेटा सरफराज (23) व उसका छोटा भाई आफताब के अलावा थानाक्षेत्र के ही मनिकापुर गांव निवासी सीनियर के दिवंगत साढू मो. अमीर के जुड़वां बेटे अरबाज व आदिल (18) व छोटा भाई अरमान भी गए थे। दावत खत्म होने के बाद देररात एक बाइक से सरफराज, अरबाज व आदिल और दूसरी बाइक से आफताब व अरमान लौट रहे थे।
देर रात करीब 12 बजे बिहार थानाक्षेत्र के सुमेरपुर-बक्सर मार्ग पर सराय मनिहार गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने दोनों बाइकों में टक्कर मार दी। इससे उछलकर सड़क पर गिरे अरबाज, आदिल और सरफराज को डंपर रौंदते हुए निकल गया। वहीं दूसरी ओर गिरने से आफताब और अरमान भी गंभीर घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजने के साथ परिजनों को हादसे की सूचना देकर शव मोर्चरी में भेजे। दो सगे व एक मौसेरे भाई की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई।
अरबाज व आदिल के पिता की मौत काफी पहले हो गई थी। दो साल पहले कैंसर से उनकी मां नसरीन की भी मौत हो चुकी है। दो भाइयों की मौत से घायल अरमान व छोटा भाई आर्यन रो-रोकर बेहाल हैं। वहीं बड़े बेटे सरफराज की मौत से मां आसमां, भाई सूफियान व बहन शाहीन बेहाल हैं। परिजनों के मुताबिक सरफराज की शादी तय थी। 25 फरवरी को तारीख निकलनी थी। एसओ सुब्रत नारायण ने बताया कि सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हुई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Kanpur ओईएफ में बनेंगे सैनिकों के लिए आरामदेह बूट: इस साल इतने लाख और अगले साल के लिए इतने लाख का मिला आर्डर
