महाशिवरात्रि को लेकर डीजीपी ने दिए सख्त निर्देश, चप्पे-चप्पे पर तैनात होगी पुलिस
लखनऊ, अमृत विचार। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर कांवड़िये छोटे व बड़े समूहों में पैदल, विभिन्न वाहनों से शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए जाते है, उनके आवागमन के मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जाये तथा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था हेतु पर्याप्त पुलिस प्रबन्ध की जाय। यह निर्देश डीजीपी प्रशान्त कुमार ने अधिकारियों को दिया है। उन्होंने कहा है कि जलाभिषेक हेतु प्रस्तावित धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत समुचित पुलिस प्रबन्ध सुनिश्चित किया जाय। भीड़ प्रबन्धन के लिए पर्याप्त ध्वनि विस्तारक यन्त्रों का प्रयोग किया जाय। क्यूआरटी टीमों को स्ट्रेटेजिक प्वाइंट पर तैयारी हालत में रखा जाये।
अपने निर्देश में डीजीपी ने कहा है कि जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना,चौकी प्रभारियों, बीट कर्मियों तथा पीआरवी कर्मियों को कॉवड़ यात्रियों की सुरक्षा तथा सकुशल कांवड़ यात्रा के संबंध में ब्रीफ कर दिया जाये। उन्होंने कहा है कि महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर कांवड़ मार्गो पर थोड़ी-थोड़ी दूर पर पुलिस पिकेट और गश्त की व्यवस्था की जाये। विशेष रूप से रात्रि में किसी भी कॉवड़िया के साथ कोई मार्ग दुर्घटना न हो सके, इसके लिए विशेष पुलिस प्रबन्ध किया जाये। उन्होंने कहा है कि सभी शिव मन्दिरों, जनपद में पड़ने वाले मार्गों, संवेदनशील मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को चिन्हित कर विशेष सतर्कता बरती जाय।
डीजीपी ने अपने निर्देश में अधिकारियों से कहा है कि महाकुम्भ-2025 के दृष्टिगत भारी संख्या में श्रद्धालु सभी प्रदेशों से आ रहे हैं, जो प्रयागराज के साथ-साथ अन्य धार्मिक जनपदों यथा अयोध्या, वाराणसी, मिर्जापुर में भी दर्शन हेतु जा रहे हैं, इसके मद्देनजर प्रदेश के सभी जनपदों में विशेष रुप से सतर्कता बरती जाये।
यह भी पढ़ेः होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में हड़ताल, निदेशक ने किया दो दिन में स्टाइपेंड दिलाने का वादा
