हल्द्वानी: सौ डॉक्टरों की जगह खाली, आए केवल सात
हल्द्वानी, अमृत विचार: राजकीय मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों (संकाय सदस्यों) की कमी बरकरार है। मंगलवार को विभिन्न विभागों में संकाय सदस्यों की भर्ती के लिए साक्षात्कार किए गए। 100 खाली पदों के लिए विज्ञापन जारी करने के बाद भी केवल सात डॉक्टर साक्षात्कार देने पहुंचे हैं।
विगत दिनों विभिन्न विभागों में संकाय सदस्यों के रिक्त पदों को भरने के लिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने विज्ञापन जारी करवाया था। मंगलवार को विभिन्न शहरों से आए कुल सात संकाय सदस्यों ने साक्षात्कार में प्रतिभाग किया। साक्षात्कार में भाग लेने वालों में असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों में जनरल मेडिसिन विभाग में दो, मानसिक रोग विभाग में एक, बाल रोग विभाग में एक व सुपर स्पेशिलिटी प्लास्टिक सर्जरी में एक डॉक्टर ने साक्षात्कार दिया। वहीं, एसोसिएट प्रोफेसर के पदों में फार्माकोलॉजी विभाग में एक व जनरल मेडिसिन विभाग में एक अभ्यर्थी ने साक्षात्कार दिया। मेडिकल कॉलेज में विभिन्न विभागों में डॉक्टरों की कमी है। इस वजह से पीजी की सीटों पर भी संकट बना हुआ है। मेडिकल कॉलेज को नेशनल मेडिकल काउंसिल बार-बार डॉक्टरों की कमी को लेकर आगाह कर चुका है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में एनाटॉमी, फार्माकोलॉजी, जनरल मेडिसन, पीडियाट्रिक, रेडियोलॉजी समेत सभी विभागों में डॉक्टरों कमी बनी हुई है। सामान्य डॉक्टरों के साथ ही सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की भी कमी है। जानकारी के अनुसार राजकीय मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों को स्थाई तौर पर कम ही नौकरी दी जाती है। यहां ज्यादातर डॉक्टरों को संविदा के आधार पर नौकरी दी जाती है। अगर मेडिकल कॉलेज में संविदा की जगह एसोसिएट और असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर ज्यादा से ज्यादा स्थाई नौकरी दी जाए तो डॉक्टरों की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है।
डॉक्टरों की कमी वाले विभाग
माइक्रोबॉयोलॉजी दो एसोसिएट, एक असिस्टेंट
बाल रोग विभाग दो एसोसिएट
कम्यूनिटी मेडिसन एक एसोसिएट, तीन असिस्टेंट
टीबी एंड चेस्ट एक एसोसिएट
साइकेट्री विभाग एक प्रोफेसर, एक असिस्टेंट, एक एसोसिएट
जनरल सर्जरी दो एसोसिएट, चार असिस्टेंट
फिजियोलॉजी दो एसोसिएट, एक असिस्टेंट
बायोकेमेस्ट्री एक एसोसिएट
एनाटॉमी एक एसोसिएट, दो असिस्टेंट
फार्माकोलॉजी एक एसोसिएट, दो असिस्टेंट
स्त्री रोग विभाग दो एसोसिएट, दो असिस्टेंट
आर्थोपेडिक्स एक असिस्टेंट
ये थे साक्षात्कार में शामिल
हल्द्वानी। चयन समिति में उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी देहरादून के कुलपति डॉ. ओंकार सिंह, संयुक्त सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग डॉ. महेन्द्र कुमार पंत वर्चुअल उपस्थित थे। इनके अलावा प्राचार्य डॉ. अरूण जोशी, माइक्रोबायोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. उमेश, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की अध्यक्ष डॉ. साधना अवस्थी, पैथोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. हरिशंकर पांडे थे।
