Video : बाराबंकी में शेर की दस्तक, वीडियो वायरल होने के बाद कांबिंग में जुटी वन विभाग की टीम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने बाराबंकी जिले में हड़कंप मचा दिया। ग्रामीणों ने वीडियो में गांव के तालाब के पास शेर देखे जाने का दावा किया है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत के आधार पर जांच-पड़ताल कर रही है।

जनपद में कुर्सी थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरनगर गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में गांव के पास स्थित एक तालाब के किनारे शेर देखे जाने का दावा किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद से ग्रामीण डरे हुए हैं। बच्चे स्कूल नहीं जा रहे हैं। वहीं वायरल वीडियो की सूचना मिलते ही देवा वन क्षेत्र अधिकारी मयंक सिंह ने आनन-फानन में वन दरोगा प्रशांत कुमार के नेतृत्व में मौके पर एक टीम भेजी, जो आसपास के ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ ही जिस स्थान पर शेर होने का दावा किया गया है, वहां पर पग चिन्हों के हिसाब से शेर की खोज कर रही है।

हालांकि वन क्षेत्र अधिकारी मयंक सिंह का दावा है कि उत्तर प्रदेश में शेरों की संख्या न के बराबर है, इसलिए शेर होने की बात सच नहीं लग रही है। वायरल हो रहे वीडियो में दिख रही जगह की पुष्टि की जा रही है, पर अभी तक शेर होने के कोई प्रमाण नहीं मिले हैं। लेकिन फिर भी वीडियो वायरल होने के बाद एक टीम को मौके पर भेजा गया है, जो ग्रामीणों से बातचीत के आधार पर जांच कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि लोग अलर्ट रहें, कोई भी जानवर उन्हें दिखे तो स्थानीय पुलिस या वन विभाग को तत्काल सूचित करें।

यह भी पढ़ें: बहराइचः तिलक समारोह में मारपीट, दो घायल, केस दर्ज

संबंधित समाचार