कानपुर में गन फैक्ट्री के कर्मचारी और अधिकारी परेशान...बंदरों का आतंक, खाना तक उठा ले जाते, जरूरी कागज तक फाड़ रहे

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

कंपनी की कार्य प्रबंधक ने नगर निगम को लिखा पत्र, पकड़ने की मांग

कानपुर, अमृत विचार। लघु शस्त्र निर्माणी एडवांस्ड वेपंस एवं इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड (रक्षा मंत्रालय भारत सरकार) अर्मापुर के कर्मचारी व अधिकारी बंदरों के आतंक से परेशान हैं। बंदर विभाग में घुसकर जरूरी कागज तक फाड़ दे रहे हैं। लोगों का खाना उठा ले जा रहे। इसकी वजह से कई कर्मचारी चुटहिल हो गये। बंदरों के आतंक से परेशान होकर कंपनी की कार्य प्रबंधक प्रियंका ने नगर निगम को पत्र लिखकर बंदर पकड़ने की गुजारिश की है। 

प्रियंका ने पत्र के जरिये बताया कि बंदर की संख्या में लगातार वृद्धि होने के कारण वह अक्सर निर्माणी परिसर में झुंड के रूप में आते हैं। अनुभागों की छत व वाहन स्टैंड पर एकत्रित रहते हैं। खाना लेने के लिए वे कर्मचारियों तक पर हमला कर रहे हैं और अनुभागों में जरूरी कागजात तक को फाड़ दे रहे हैं। 

इससे फैक्ट्री के अंदर भय का माहौल है। नगर निगम के पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. आरके निरंजन ने बताया कि फैक्ट्री के अंदर समय-समय पर गाड़ी भेजी जाती है। नगर निगम कार्यक्षेत्र के बाहर प्रतिष्ठानों पर बंदर आदि पकड़ने के लिए नगर निगम शुल्क वसूल करता है। उनको इस्टीमेट भेजा जाएगा।

ये भी पढ़ें- कानपुर में साहिल हत्याकांड में आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी: दिनदहाड़े युवक की रॉड से पीटकर की थी हत्या...

संबंधित समाचार