जलालाबाद में नहीं रुक रहा चोरियों का सिलसिला, मकान का ताला तोड़ नकदी समेत लाखों के जेवर चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, जलालाबाद। जलालाबाद में चोरो के हौसले बुलंदियों पर हैं। पुलिस चोरी की घटनाओं पर लगाम लगा पाने में पूरी तरह नाकाम है। दो दिन पूर्व हुई चोरी की घटना में अभी तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। वहीं चोरो ने एक और चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस को …

अमृत विचार, जलालाबाद। जलालाबाद में चोरो के हौसले बुलंदियों पर हैं। पुलिस चोरी की घटनाओं पर लगाम लगा पाने में पूरी तरह नाकाम है। दो दिन पूर्व हुई चोरी की घटना में अभी तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। वहीं चोरो ने एक और चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। चोरों के हौसले इसलिए भी बुलंद है क्योंकि जलालाबाद पुलिस चोरी की घटनाओं पर एफआईआर दर्ज करने से भी परहेज करती है। बीते तीन सप्ताह में तीसरी चोरी से नगरवासियो के मन मे असुरक्षा का भाव पनपने लगा है।

मामला जलालाबाद के मोहल्ला जमदग्निनगर का है यहां के निवासी विनोद कुमार बीते शुक्रवार को परिवार समेत हल्द्वानी अपनी बहन उमा देवी के यहां भांजे रचित का बर्थडे मनाने घर मे ताला लगाकर गए थे। रविवार की सुबह विनोद के फोन पर मोहल्लेवासियों ने सूचना दी कि तुम्हारे घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ है। विनोद के कहने पर कुछ लोग अंदर गए और बताया कि अलमारी के पास सामान बिखरा पड़ा है। अलमारी भी खुली हुई है। ज्वेलरी के खाली बॉक्स अलमारी के पास ही पड़े है। इतना सुनते ही विनोद तुरंत ही हल्द्वानी से परिवार समेत वापस जलालाबाद के लिए निकल पड़े। घर आकर देखा कि अलमारी में रखी ज्वैलरी और लगभग 25 हजार की नकदी गायब है। जिसकी सूचना विनोद ने पुलिस को तहरीर के माध्यम से दे दी।

विनोद ने तहरीर में बताया कि उसकी अलमारी में सोने का हार, गले की चैन, 3 अंगूठी, झुमकी, टॉप्स व अन्य बच्चों की ज्वैलरी समेत लगभग 8 तोला सोने के आभूषण व 250 ग्राम चांदी की पायलें और 25 हजार की नकदी रखी थीं। जो किसी ने चोरी कर ली हैं। मेन गेट का ताला किसी वजनदार रॉड को ताले में फंसाकर तोड़ा गया है। अलमारी की तिजोरी की चाबी अलमारी की एक अन्य रैक में रखी थी जिसे चोरो ने ढूंढ लिया और तिजोरी पर हाथ साफ कर गए।

गौरतलब है कि दो दिन पूर्व ही इसी मोहल्ले में किराये पर रह रहे मैनपुरी निवासी कपड़ा व्यापारी के कमरे का ताला तोड़कर 2 लाख से ज्यादा का कपड़ा चोरी हुआ था। जिसकी शिकायत व्यापारी द्वारा कोतवाली में की गई थी। इससे पूर्व चोरो ने क्षेत्र के गांव याकूबपुर में किन्नर के घर से दिनदहाड़े ताला तोड़कर लाखो रुपयों की नकदी और जेवर पर हाथ साफ किया था। दोनों ही मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी तक दर्ज करना ठीक नही समझा और बिना किसी पड़ताल के मामलों को रफा दफा कर दिया। जो नगरवासियों के लिए चिंता का सबब बना हुआ है। कोतवाल जसबीर सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है मामले की पड़ताल कर जल्द खुलासा किया जाएगा।

संबंधित समाचार