बहराइच में रफ्तार का कहर: बाइक मैकेनिक समेत दो की मौत, अलग अलग घटनाओं में चार हुए घायल
बहराइच, अमृत विचार। बहराइच जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में सड़क हादसे हो गए। जिसमें बाइक मैकेनिक समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि महिला समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतकों के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली नानपारा अंतर्गत मोहल्ला बावर्ची टोला निवासी फिरोज (35) पुत्र अरमान का मटेरा में बाइक मैकेनिक की दुकान है। प्रतिदिन की तरह बुधवार रात आठ बजे दुकान बंद कर वह बाइक से अपने घर जा रहा था। घर जाते समय नानपारा चीनी मिल के निकट फुलवरिया गांव के पास गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे फिरोज गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सीएचसी नानपारा में भर्ती कराया गया। यहां इलाज दौरान सीएचसी में मौत हो गई।

उधर कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के जयसिंहपुरवा के मौजा महेरी निवासी पराग सिंह (40) पुत्र संतराम निजी कार्य से जरवल रोड थाना क्षेत्र में गए थे। वापस आते समय दो पहिया वाहन को कटी के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि लखनऊ बहराइच मार्ग अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है।
हादसों में चार हुए घायल
रूपईडीहा थाना के राष्ट्रीय राजमार्ग के गंगापुर मोड़ के पास बुधवार की रात कार ने बाइक सवार नरैनापुर गांव निवासी लवकुश वर्मा (30) को टक्कर मार दी। पुलिस ने घायल को सीएचसी चरदा भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं, देहात कोतवाली क्षेत्र के मरौचा मोड़ के पास बौंडी निवासी बाइक सवार सुरेंद्र (25), सुनीता (23) और नरेश (28) को दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। तीनों घायल हो गए, जबकि दूसरा बाइक चालक मौक से भाग गया।
