बदायूं : थाने की चहारदीवारी में घुसी कार, पीआरडी जवान की मौत
शुक्रवार रात थाना मुजरिया की चहारदीवारी में घुसी थी कार
मुजरिया, अमृत विचार। तेज रफ्तार एक कार ने मुजरिया थाना की चहारदीवारी को टक्कर मार दी। हादसे में रात की ड्यूटी कर रहे पीआरडी जवान की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कार को थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
गांव पातरचोहा निवासी महेंद्र (48) पुत्र जागन सिंह पीआरडी जवान थे। वह शुक्रवार रात थाना मुजरिया में ड्यूटी पर थे। रात में वह किसी काम से थाने के गेट से बाहर निकले। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई कार यूपी 24 एवाई 3486 ने उन्हें टक्कर मारी और चहारदीवारी में जा घुसी। गति इतनी ज्यादा थी कि कार चाहरदीवारी तोड़ते हुए भीतर तक पहुंच गई। पीआरडी जवान महेंद्र और कार चालक कस्बा उझानी के मोहल्ला बहादुरगंज निवासी आलोक गुप्ता पुत्र सुभाष चंद्र गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। थाने में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया और कार चालक को भर्ती किया। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन चीत्कार करते हुए पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि कार चालक शराब के नशे में था। पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के भतीजे दिनेश ने बताया कि महेंद्र के पांच बच्चे हैं। जिनमें चार लड़कियां और एक लड़का है। थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार समेत स्टाफ ने शोक व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें - बदायूं: ट्यूबवैल पर बिजली का तार जोड़ते समय करंट से किसान की मौत
