पीलीभीत: बाघ ने मजदूर पर किया हमला, साथी मजदूरों के शोर मचाने से बची जान
पूरनपुर, अमृत विचार। खेत में गन्ना छिलाई के दौरान बाघ मजदूर पर झपट पड़ा। साथी मजदूरों द्वारा शोर-शराबा करने पर बाघ गन्ने के खेत में छिप गया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और सतर्क रहने की हिदायत दी। इधर, बाघ की बढ़ी चहलकदमी के बाद भी पकड़ने का प्रयास न किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
हजारा थाना क्षेत्र के गांव मुरैनिया गांधीनगर के विजय सिंह के खेत में शनिवार को मजदूर गन्ने की छिलाई कर रहे थे। इस दौरान ईख में छिपा बैठा बाघ गन्ना छील रहे मजदूर प्रकाश मौर्य पर झपट पड़ा। बाघ को देखकर साथी बबलू सिंह, सुरेश कुमार, कल्लू, मुकुल, अरविंद आदि शोर मचाने लगे। तब कहीं जाकर मजदूर की जान बच सकी। बताते हैं कि शोर-शराबे पर बाघ गन्ने के खेत में जाकर छिप गया।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और मजदूरों से जानकारी ली। बताते हैं कि बाघ अब भी गन्ने के खेत में ही छिपा है। तीन दिन पहले कबीरगंज निवासी सूरज पर बाघ ने हमला कर दिया था। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बाघ की चहलकदमी बढ़ रही है। इसके बावजूद बाघ को पकड़ने के प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। इसको लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन किया और बाघ को पकड़वाने की मांग की।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत : पति कहता रहा ऑपरेशन कर दो, डॉक्टर ने जबरन कराई नॉर्मल डिलवरी....नवजात की चली गई जान
