Hamirpur: कब्रिस्तान पर अवैध रूप से मस्जिद के निर्माण को ढहाया, 5 नामजद व 250 अज्ञात पर रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर), अमृत विचार। शनिवार रात नगर के एक कब्रिस्तान में अवैध रूप से मस्जिद का निर्माण कराए जाने की शिकायत पर प्रशासन के हाथ पैर फूल गए। आनन फानन में प्रशासन ने नगर लेखपाल से संबंधित जमीन की जानकारी ली। निर्माण अवैध पाए जाने पर प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कराते हुए बसपा के नगर पालिका अध्यक्ष सहित 5 को नामजद करते हुए 250 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कस्बे में छिमौली रोड के पास बने कब्रिस्तान पर मस्जिद निर्माण कराए जाने की सूचना पर प्रसाशन अलर्ट हो गया। एसडीएम राजकुमार गुप्ता ने क्षेत्रीय लेखपाल सत्यम अवस्थी से जमीन की आख्या मांगी। जिस पर लेखपाल ने आख्या में बताया की मौजा मौदहा स्थित गाटा संख्या- 2874 रकवा 2.0960 हेक्टेयर जमीन अभिलेखों में कब्रिस्तान दर्ज है।
लेखपाल की आख्या पर प्रशासन ने किसी बड़ी घटना की संभावना के चलते देर रात बुलडोजर की मदद से निर्माणाधीन स्थल को ध्वस्त करा दिया। इस कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता, तहसीलदार अनुभव चंद्रा, सीओ विनीता पहल सहित कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार सिंह सहित पुलिस बल मौजूद रहा। कोतवाल ने बताया कि अवैध रूप से कराए जा रहे निर्माण स्थल पर मानव शवों की अंत्येष्टि की कुछ कब्रें भी हो सकती हैं।
इस प्रकार अवैध निर्माण से मानव शव के अंत्येष्टि संस्कारों का अपमान किया गया है। जिससे समाज में आक्रोश एवं शांतिभंग की पूर्ण संभावना के मद्देनजर आवेदक द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर धारा 301 बीएनएस व 3(1) सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 के तहत अनीस उद्दीन, अब्दुल कादिर, लईक अहमद, नगर पालिका अध्यक्ष रजा मोहम्मद उर्फ श्रीनाथ व सपा नेता पहलवान जावेद मेजर सहित पांच नामजद एवं 250 अज्ञात लोगों पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष रजा मोहम्मद ने बताया कि निर्माण कार्य में मेरा कुछ लेना-देना नहीं है। इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।
