बगैर दुल्हन के लौटी बारात, जयमाल के बाद लड़की ने शादी से किया इंकार, वजह बताई कि दोनों पक्ष के अलग अलग है देवी-देवता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Barabanki, Amrit Vichaar :  हैरान कर देने वाले एक मामले में दुल्हन जयमाल के बाद शादी से मुकर गई। दूल्हे की जेब में रखा चमड़े का टुकड़ा देख दुल्हन भड़क गई और शादी से इंकार कर दिया। जमकर बहस व विवाद के बाद मामला पुलिस के पास पहुंचा। आरोप प्रत्यारोप के बीच दोनों पक्ष का लेन देन वापस कराकर मामला शांत कराया गया। आखिर बिना दुल्हन के बारात बैरंग वापस लौट गई।

जैदपुर थाना क्षेत्र के लोहारपुरा गांव से बारात सफदरगंज थाना क्षेत्र के उधौली गांव पहुंची थी। शादी की रस्मों के बीच जयमाल भी हो चुका था, तभी दुल्हन ने दूल्हे की जेब में चमड़े का टुकड़ा देखा। उसने तुरंत परिवार को जानकारी दी, इसके बाद लड़की पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि दूल्हे की जेब में चमड़े का टुकड़ा उनके परंपरा के खिलाफ है और दोनों के देवी-देवता अलग हैं। वहीं, लड़के वालों ने सफाई देते हुए कहा कि यह चमड़े का टुकड़ा एक रस्म का हिस्सा था, जिसे भूलवश दूल्हे की जेब में रख दिया गया था।

विवाद बढ़ा, तो लड़की पक्ष ने कहा कि वह खुद लड़के के घर जाकर देखेंगे कि उनके देवी-देवता कौन हैं। रात में कुछ पुरुष और महिलाएं लड़के के घर पहुंचीं, उन्होंने वहां की पूजा-पद्धति को देखा, लेकिन इसके बावजूद शादी से इनकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में जमकर विवाद हुआ। सभी अपना पक्ष रखते रहे। वर पक्ष ने कहा कि उन्होंने पहले ही सारी जानकारी कर ली गई थी दोनों पक्षों में किसी भी बात को लेकर कोई भी असहमति नहीं थी, लेकिन अब शादी तोड़ने के लिए इसे मुद्दा बनाया जा रहा है। वर पक्ष ने आरोप लगाया कि उनके गहने भी वापस नहीं किए जा रहे हैं। साथ ही लड़की वाले शादी का खर्च भी उन्हीं से मांग रहे हैं। यह मामला थाने पहुंचा और सब एक दूसरे पर आरोप लगाते रहे लेकिन प्रभारी निरीक्षक सुधीर सिंह की मौजूदगी में दोनों पक्षों से हुआ लेन देन वापस कराने के बाद इन्हे वापस भेज दिया गया। आखिरकार बिना दुल्हन के बारात को लौटना ही पड़ा।

यह भी पढ़ें-  Barabanki accident : पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की मौत

संबंधित समाचार