बदायूं : बहन का रिश्ता तय करने आए संभल के युवक की गोली मारकर हत्या

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

सोमवार देर शाम जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव बस्तुइया में घटना को दिया गया अंजाम

बदायूं, अमृत विचार। जरीफनगर थाना क्षेत्र में संभल निवासी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपनी बहन का रिश्ता तय करने आया था। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। युवक के परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

जिला संभल की कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र के गांव गंगावास निवासी कैलाश पुत्र कुमल अपनी बहन की शादी के लिए लड़का देख रहे थे। उनके परिचित ने जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव बस्तुइया में एक लड़का बताया था। इस गांव में उनकी रिश्तेदार भी है। सोमवार शाम वह लड़का देखकर रिश्ता पक्का करने गांव आए थे। देर शाम वह लड़के के घर पहुंचे। इसी दौरान गांव गांव बस्तुइया निवासी सतीश तमंचा लेकर घर में घुस आया और आतेह ही कैलाश को गोली मार दी और फरार हो गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने पुलिस को फोन करके सूचना दी। जरीफनगर पुलिस मौके पर पहुंची। आलाधिकारियों को अवगत कराकर कैलाश के परिजनों को सूचित किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हत्यारोपी की तलाश कर रही है। उसके पकड़े जाने के बाद पता चलेगा कि उसने हत्या क्यों की। वह शराब के नशे में बताया जा रहा है।

जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव बस्तुइया निवासी सतीश ने जिला संभल निवासी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. केके सरोज, एसपी देहात।

ये भी पढ़ें - बदायूं: तारकशी में दौड़ रहा था करंट, चपेट में आकर 5वीं कक्षा के छात्र की मौत

संबंधित समाचार