रायबरेली: अस्पताल में पीठ पर पति को लादकर ले गई पिंकी, डिप्टी सीएम ने मांगी रिपोर्ट 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायबरेली, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के सख्त निर्देशों के बावजूद लापरवाही की ऐसी तस्वीरें आम बात हैं। जिसमें पिंकी जैसी कोई महिला अस्पताल परिसर के अंदर अपने पति को कंधे पर लादे दिख जाती है। देदौरी की पिंकी के पति दिव्यांग हैं। उनका दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने अस्पताल पहुंची थीं। यहां व्हीलचेयर नहीं मिली तो पिंकी ने अपने पति को कंधे पर लाद लिया। किसी ने यह वीडियो रिकॉर्ड करके वायरल कर दिया। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने वीडियो देखकर अस्पताल की इस लापरवाही पर जांच बिठा दी। तीन दिन में रिपोर्ट मांगी है।

पिंकी बस इतना चाहती हैं कि पति का दिव्यांग प्रमाण पत्र बन जाए तो उन्हें ट्राई साइकिल मिल जाएगी। इसी उम्मीद में अस्पताल पहुंची थीं। जहां व्हीलचेयर नहीं मिली तो वह पति को पीठ पर लादकर ले जाने को विवश हो गईं। हालांकि पिंकी जैसी महिलाओं के लिए ऐसा करना आम बात है। नियति ने उनके भाग्य में शायद यही लिख दिया है। आम लोगों की पिंकी के प्रति बस इतनी हमदर्दी है कि यहां उन्हें व्हीलचेयर उपलब्ध कराई जानी चाहिए थी।

पीठ पर पति को लादे पिंकी के वीडियो पर बेफिक्र अस्पताल के अधिकारियों पर तब तक कोई असर नहीं पड़ा, जब तक डिप्टी सीएम ने रिपोर्ट नहीं मांग ली। सीएमओ नवीन चंद्रा का कहना है कि दिव्यांग के ऑफिस में व्हीलचेयर की सुविधा उपलब्ध है। शायद महिला को चेयर नहीं दिखी होगी। उन्हें किसी से पता करना चाहिए था।

उधर, उप-मुख्यमंत्री ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार के मंडलीय अपर निदेशक से तीन दिन में इस प्रकरण की रिपोर्ट मांगी है।

महिला दिव्यांग प्रमाण पत्र के लिए आई थीं। ऑफिस में व्हील चेयर उपलब्ध है। ऑफिस से इसे प्राप्त किया जा सकता है-डॉ. नवीन चंद्रा, सीएमओ

ये भी पढ़ें- रायबरेलीः सवारियों से भरी ऑटो और डम्पर की भिड़ंत, चार की मौत, कई घायल

संबंधित समाचार