Lucknow News : प्रतापगढ़ से आए परिवार ने सीएम आवास के पास किया आत्मदाह का प्रयास
गौतमपल्ली पुलिस ने पीड़ित परिवार की सुनी फरियाद, दबंगों से परेशान है पूरा परिवार
अमृत विचार, लखनऊ : गौतमपल्ली थाना अंतर्गत कालीदास मार्ग पर मुख्यमंत्री आवास के पास ला-मार्टिनियर चौराहे पर उस वक्त अफरा-तरफी मच गई। जब एक परिवार के साथ युवक ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल लिया और आत्मदाह की कोशिश करने लगा। वीवीआईपी मूवमेंट तैनात सुरक्षाकर्मियों को युवक को आत्मघाती कदम उठाने से पहले पकड़ लिया। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने आलाधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे आधिकारियों ने पीड़ित परिवार से पूछताछ की, तो पता चला कि दबंगों से परेशान होकर पीड़ित परिवार ने आत्मघाती कदम उठाया है। हालांकि, पुलिस पीड़ित से पूछताछ कर रही है।
गौतमपल्ली प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार के मुताबिक, मूलरूप से प्रतापगढ़ जनपद के राजनीगंज फटनपुर सुरवा मिश्रपुर गांव निवासी राजन मिश्र शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सपरिवार ला-मार्टिनियर चौराहे पर पहुंचा। इसके बाद पीड़ित ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेलकर आत्मदाह का प्रयास किया। इस बीच सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पीड़ित ने बताया कि गांव के रहने वाले शारदा प्रसाद, हरिशंकर, प्रेमनारायण समेत कई लोग उन्हें परेशान कर रहे हैं।
आरोप है कि यह सभी दबंग किस्म है। दबंगई के बल पर आरोपितों ने उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया है। इस सम्बन्ध में पीड़ित ने थानास्तर से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से भी शिकायत की। बावजूद इसके सुनवाई नहीं हुई। बताया कि वह अधिकारियों के कार्यालय में चक्कर लगाते थक चुका है। लिहाजा, न्याय पाने के लिए पत्नी रेखा और दो बेटियों को लेकर लखनऊ पहुंचा। जहां पीड़ित ने आत्मदाह करने का फैसला किया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़ित परिवार से जानकारी लेकर प्रतापगढ़ पुलिस ने वार्ता की गई है। मेडिकल परीक्षण के बाद पीड़ित परिवार को प्रतापगढ़ भेजा रहा है।
यह भी पढ़ें- होली का आगाज : सीएम योगी ने मथुरा के बरसाना में रंगोत्सव 2025 की शुरुआत
