उन्नाव की पुरवा कोतवाली में तैनात दारोगा राजेन्द्र सरोज रिश्वत लेते गिरफ्तार; विजिलेंस टीम निजी दुकान संचालक को भी साथ ले गई...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव, अमृत विचार। पुरवा कोतवाली क्षेत्र में एक सड़क हादसे में नामजद वाहन को विवेचना के दौरान निकालने के लिए घूस ले रहे दरोगा को लखनऊ से आई एंटी करप्शन टीम ने रंगेहाथ दबोच लिया।

टीम दरोगा के इशारे पर घूस ले रहे एक गुमटी संचालक को भी बतौर गवाह अपने साथ मौरावां थाना ले गई। जहां पीड़ित की तहरीर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई से पुलिस कर्मियों में हड़कंप है। 

बता दें कि पुरवा कोतवाली क्षेत्र की बिछिया सीएचसी के पास बीती 8 मई को एक स्कूली वैन की टक्कर से नरेंद्र पांडेय घायल हुए थे। उनके बेटे मनोज ने वैन नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसकी विवेचना पुरवा कोतवाली के दरोगा राजेंद्र कुमार सरोज कर रहे थे।

कोतवाली क्षेत्र के पंचमखेड़ा निवासी बोधराज वर्मा ने बताया कि उसके वाहन से हादसा नहीं हुआ था लेकिन उन पर मामला दर्ज किए जाने के बाद भी कोतवाली से कोई जानकारी नहीं दी गई थी। उसे जब पता चला तो उसने कोतवाली पहुंचकर आईओ दरोगा राजेंद्र सरोज से संपर्क कर उसकी कार से ऐसा कोई मामला न होने की बात कही।

इस पर दरोगा ने मामला निपटाने के नाम पर पांच हजार की घूस मांगी। उसने घूस देने में असमर्थता जताई। दरोगा के लगातार परेशान करने पर 15 दिन पूर्व उसने एंटी करप्शन में शिकायत की थी। इसके बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले की गोपनीय जांच की और मामला सही पाए जाने पर टीम की योजना के तहत मंगलवार दोपहर एक बजे वह बस स्टेशन पुरवा पहुंची।

जहां सीएचसी के पास मिले दारोगा राजेंद्र सरोज ने बोधराज से रुपये पान मसाला की गुमटी चलाने वाले दलीगढ़ी मुहल्ला निवासी मन्ना को रुपये देने को कहा। उसने जैसे ही रुपये मन्ना को दिए तो वहा पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम के इंस्पेक्टर टीपी वर्मा व अन्य सदस्यों ने दरोगा व गुमटी संचालक मन्ना को पकड़ लिया।

टीम खींचकर दरोगा व गुमटी दुकानदार को अपनी कार तक ले गई और जबरन अंदर बैठाकर मौरावां थाना चली गई। प्रभारी निरीक्षण मौरावां चंद्रकांत सिंह ने बताया कि एंटी करप्शन टीम द्वारा तहरीर लिखी जा रही है। तहरीर मिलने पर मामला दर्ज होगा।

सिपाही से प्रोन्नत होकर दरोगा बना था राजेंद्र 

दारोगा राजेंद्र सरोज मूलतः प्रतापगण जिले के थाना अंतू अंतर्गत गांव छतरपुर का रहने वाला है। राजेंद्र 1991 बैच का सिपाही है। वर्ष 2018-19 में वह दीवान बना था। वहीं नवंबर-2024 में प्रोन्नत होकर वह दारोगा बना था। राजेंद्र सरोज पुरवा में सितंबर-2021 से तैनात है। इससे पूर्व वह मौरावां थाने में तैनात था।

ये भी पढ़ें- कानपुर में कलेक्ट्रेट में एक दलाल को पकड़ा; आसरा आवास दिलाने के नाम पर 3.50 लाख रुपये हड़पे, कोतवाली पुलिस को सौंपा


संबंधित समाचार