बदायूं: 16.11 करोड़ की लागत से बनेगा सोत नदी पर नया पुल, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
बदायूं, अमृत विचार: बिसौली में सोत नदी पर 16.11 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण किया जाएगा। इसकी स्वीकृति शासन की ओर से मिल गई है। साथ ही कार्यदायी संस्था को भी नामित कर दिया है। पुल का निर्माण सेतु निगम कराएगा।
बिसौली क्षेत्र में रानेट के पास सोत नदी पर बने पुल को लोक निर्माण विभाग ने जर्जर घोषित कर दिया था। साथ ही यातायात को बंद कर दिया गया था। पुल बंद होने से लोगों को दिक्कत होने लगी थी। वाहन चालक पुल के नीचे कच्चे मार्ग से आ जा रहे थे। हालांकि पुल के नीचे वैकल्पिक मार्ग बनाने के लिए शासन की ओर से पिछले दिनों तीन करोड़ रुपये का बजट मंजूर करने के बाद धनराशि भी आवंटित कर दी थी।
लोक निर्माण विभाग ने काम भी शुरू कर दिया था। अब पुल को भी मंजूरी दे दी गई है। सोत नदी पर 16.11 करोड़ की लागत पुल बनाया जाएगा। पुल का निर्माण कार्यदायी संस्था सेतु निगम का चयन भी कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि अभी धनराशि प्राप्त नहीं हो सकी है। धनराशि मिलने पर काम शुरू करा दिया जाएगा।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता देव पाल सिंह ने बताया बिसौली क्षेत्र में सोत नदी पर पुल निर्माण के लिए मंजूरी मिल गई है। पुल का निर्माण सेतु निगम करेगा। अभी धनराशि प्राप्त नहीं हुई है। धनराशि प्राप्त होने के बाद काम शुरू कराया जाएगा।
ये भी पढ़ें- बदायूं: अधिकारियों का रुका वेतन, ई-ऑफिस प्रणाली पर होगा शुरू
