Kanpur Dehat: यमुना नदी में डूबने से ममेरे भाइयों की मौत, तीसरे युवक की तलाश जारी, कैबिनेट मंत्री ने जताया शोक
कानपुर देहात, अमृत विचार। मूसानगर थाना क्षेत्र के मुक्ता देवी यमुना घाट में घर से नहाने की बात कह कर निकले छह युवकों में से तीन डूब गए। ममेरे भाइयों के शव बरामद कर लिए गए हैं। जबकि एसडीआरएफ की टीम तीसरे डूबे युवक की तलाश कर रही है। वहीं होली पर्व पर घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
खालेशहर मूसानगर के मुन्ना नामदेव के पुत्र सचिन (20) ने बताया कि वह अपने चचेरे बड़े भाई जतिन (23), मूसानगर निवासी फूफा रामप्रताप के पुत्र मनीष (22), दिल्ली निवासी फूफा पवन कुमार के पुत्र प्रिंस (23) समेत गांव के ही दोस्त निखिल (20) व पप्पू (21) के साथ शुक्रवार सुबह मुक्ता देवी के पास यमुना नदी पहुंचे। जहां सचिन, जतिन, प्रिंस व मनीष नदी में नहाने के लिए उतर गए। जबकि निखिल पप्पू बाहर बैठे रहे। अचानक प्रिंस का पैर फिसल गया और वह पानी में डूबने लगा।
जिसपर साथ में नहा रहे सचिन, जतिन, मनीष ने प्रिंस को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के चलते चारों नदी में डूबने लगे। किनारे खड़े निखिल व पप्पू ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। जिसपर नदी में मछली पकड़ रहे गांव के ही बऊवा ने सचिन को मशक्कत के बाद बचा लिया। लेकिन जतिन, प्रिंस व मनीष यमुना नदी में डूब गए। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और लोग मौके पर पहुंच गए।
जानकारी पर एएसपी राजेश पांडेय, सीओ भोगनीपुर संजय सिंह, एसडीएम भोगनीपुर जितेंद्र कुमार कटियार मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी शिवनारायन सिंह ने बताया कि एक युवक जतिन को गोताखोर जहार सिंह की टीम ने निकालकर सीएचसी पुखरायां भेजा गया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं देर शाम मनीष के शव भी नदी से बरामद कर लिया गया है। एसडीआरएफ टीम को बुलाकर तीसरे डूबे युवक प्रिंस की यमुना में तलाश कराई जा रही है।
कैबिनेट मंत्री व पूर्व केंद्रीय मंत्री ने जताया शोक
शुक्रवार को यमुना नदी में नहाते समय दो युवकों की डूबकर मौत की जानकारी पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और सांत्वना दी। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है। इस दौरान नगर पंचायत मूसानगर अध्यक्ष प्रतिनिधि विनोद निषाद, गोविंद गुप्ता, अंकित कौशल आदि मौजूद रहे। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री व महामंडलेश्वर साध्वी निरंजन ज्योति ने भी पीड़ित परिवार से मिल कर ढांढस बंधाया और शोक संवेदना व्यक्त की। साथ में राजेंद्र निषाद मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- Kanpur में रफ्तार और नशेबाजी बनी काल, अलग-अलग सड़क हादसों में नौ लोगों ने गंवाई जान
