मुरादाबाद : भाजपा जिलाध्यक्षों के नाम आज होंगे उजागर, बढ़ी उत्सुकता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चुनाव प्रभारी जिला कार्यालय पर संगठन कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करके जिलाध्यक्षों के नामों की करेंगे घोषणा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के जिले में महानगर और जिलाध्यक्ष के रिपीट होने के कयास, मौजूदा दोनों जिलाध्यक्षों पर प्रदेश अध्यक्ष का वरद हस्त, नगर विधायक भी साथ में

मुरादाबाद,अमृत विचार। भाजपा संगठन की पिछले छह महीने से चल रही चुनाव प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। भाजपा जिलाध्यक्षों के नामों को लेकर चल रही कयासबाजी रविवार को समाप्त हो जाएगी। चुनाव अधिकारी जिला मुख्यालयों में भाजपा कार्यालयों में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करके भाजपा जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा करेंगे। ऐसा संगठन की गुटबाजी रोकने और नामों पर आम सहमति बनाने के लिहाज से किया गया है। मुरादाबाद जिला और महानगर अध्यक्ष पद पर नए नाम के बजाय पुराने पदाधिकारियों को एक और मौका दिए जाने के कयास लगाए जा रहे हैं।

भाजपा के संगठनात्मक चुनाव को अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही है। संगठन के जिलाध्यक्षों के नामों पर से रहस्य का पर्दा हटना शेष रह गया है। जिलाध्यक्षों के नामों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह के जिले में माना जा रहा है कि उनकी पसंद के ही जिला और महानगर अध्यक्षों के नामों को अंतिम मंजूरी मिलेगी। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों मौजूदा जिलाध्यक्षों को ही एक और टर्म मौका मिल सकता है। 

हालांकि संगठन के कई पदाधिकारी जिलाध्यक्षों के नए नामों को लेकर भी चर्चा कर रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही नगर विधायक रितेश गुप्ता भी मौजूदा जिलाध्यक्ष आकाश पाल और महानगर अध्यक्ष संजय शर्मा के पक्ष में खड़े हैं। एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त और एमएलसी गोपाल अंजान ने सन्नाटा खींच रखा है। ये दोनों संगठन के चुनाव के विवाद में उलझना नहीं चाहते हैं। संगठन के अन्य पुराने दिग्गज कुछ नामों को लेकर दबाव बनाए हुए हैं। इन सबसे अलग संघ के पदाधिकारियों और पश्चिमी क्षेत्र के संगठन के पदाधिकारी अपनी-अपनी पसंद के उम्मीदवारों पर दांव खेल रहे हैं।

संगठन के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने नाम न छापने की शर्त बताया कि जिलाध्यक्षों की दौड़ में मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष के चहेते ही पहली पसंद बने हुए हैं। ऐसे में पुराने नामों के ही रिपीट होने की उम्मीद है। हालांकि अंत समय में बड़े उलटफेर को लेकर वह भी इंकार नहीं करते हैं। कहते हैं कि भाजपा संगठन आधारित पार्टी है, ऐसे में जो भी अध्यक्ष बनेगा, पूरा संगठन उसके पीछे खड़ा होगा। विवाद की स्थिति चुनाव परिणाम घोषित होते ही समाप्त हो जाएगी।

कुंदरकी विधायक भी कर रहे जोर आजमाइश
संगठन चुनाव को लेकर कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह पिछले काफी दिनों से सक्रिय बताए जा रहे हैं। वह जिलाध्यक्ष अपनी पसंद का बनाने के लिए घेराबंदी किए हुए हैं। कुंदरकी विधानसभा का चुनाव जीतने के बाद से रामवीर सिंह को संगठन की अहमियत समझ में आ गई है। ऐसे में वह संगठन पर अपनी पकड़ चाहते हैं। इसके लिए वह भी पैरवी कर रहे हैं। सारी कयासबाजी पर रविवार को दोपहर दो बजे विराम लग जाएगा और जिला तथा महानगर अध्यक्ष के नाम उजागर हो जाएंगे।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद: वीडियो वायरल...होली पर गले नहीं मिले तो भाजपा नेता को मारी गोली, बिजली कर्मचारी भी घायल

संबंधित समाचार