Kanpur Dehat: यमुना नदी में डूबे तीसरे युवक का मिला शव, दोनों ममेरे भाइयों का हुआ अंतिम संस्कार, गांव में छाया मातम
कानपुर देहात, अमृत विचार। होली के दिन मुक्ता देवी के पास यमुना नदी में नहाने गए तीन भाई डूब गए थे। शुक्रवार को दो ममेरे भाईयों के शव मिलने के बाद गांव में मातम छाया था। वहीं तीसरे दिन नदी में डूबे युवक का शव एसडीआरएफ टीम ने घाटमपुर क्षेत्र के काटर गांव के सामने से बरामद कर लिया।
खालेशहर मूसानगर के मुन्ना नामदेव के पुत्र सचिन (20) ने बताया कि वह अपने चचेरे बड़े भाई जतिन (23), मूसानगर निवासी फूफा रामप्रताप के पुत्र मनीष (22), दिल्ली निवासी फूफा पवन कुमार के पुत्र प्रिंस (23) समेत गांव के ही दोस्त निखिल (20) व पप्पू (21) के साथ बीती शुक्रवार सुबह मुक्ता देवी के पास यमुना नदी गया था। जहां सचिन, जतिन, प्रिंस व मनीष नदी में नहाने के लिए उतर गए। जबकि निखिल पप्पू बाहर बैठे रहे। अचानक प्रिंस का पैर फिसल गया और वह पानी में डूबने लगा। जिसपर साथ में नहा रहे सचिन, जतिन, मनीष ने प्रिंस को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के चलते चारों नदी में डूबने लगे। किनारे खड़े निखिल व पप्पू ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। जिसपर नदी में मछली पकड़ रहे गांव के ही बऊवा ने सचिन को मशक्कत के बाद बचा लिया।
लेकिन जतिन, प्रिंस व मनीष यमुना नदी में डूब गए। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और लोग मौके पर पहुंच गए। जानकारी पर एएसपी राजेश पांडेय, सीओ भोगनीपुर संजय सिंह, एसडीएम भोगनीपुर जितेंद्र कुमार कटियार मौके पर पहुंचे थे। जतिन को गोताखोर जहार सिंह की टीम ने निकालकर सीएचसी पुखरायां भेजा था। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं देर शाम मनीष के शव भी नदी से बरामद कर लिया गया था। शनिवार को मनीष और जतिन के शवों का हलिया घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। वहीं एसडीआरएफ टीम तीसरे डूबे युवक प्रिंस की यमुना में तलाश कर रही थी।
रविवार सुबह घटना स्थल से लगभग छह किलोमीटर दूर कोतवाली घाटमपुर क्षेत्र के काटर गांव के सामने से प्रिंस नामदेव के शव को बरामद किया गया। पुलिस ने परिजनों को ले जाकर शिनाख्त कराई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कस्बे में बड़ी घटना होने से होली का त्योहार फीका रहा। उधर शनिवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, नगर पंचायत मूसानगर अध्यक्ष प्रतिनिधि विनोद निषाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री व महामंडलेश्वर साध्वी निरंजन ज्योति ने भी पीड़ित परिवार से मिल कर ढांढस बंधाया था और शोक संवेदना व्यक्त कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया था।
सपा नेता ने सांत्वना देकर जताया शोक
शुक्रवार को यमुना नदी में नहाते समय तीन युवकों की यमुना में डूब कर मौत होने की जानकारी पर रविवार को समाजवादी पार्टी के नेता मनु यादव साथियों सहित पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिजनों को सांत्वना दी और शोक व्यक्त किया। साथ ही हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में सब लोग उनके साथ खड़े हैं।
घर का बुझ गया एकलौता चिराग
एकलौते पुत्र जतिन की मौत पर पिता राजेश कुमार नामदेव, मां अरुणा देवी, बहन प्रिया, प्रांची और पारुल बिलखती रहीं। सिसकियां भरते हुए पिता ने बताया कि वह जतिन कपड़े सिलने का काम करते हैं। जतिन एकलौता बेटा था, जो मूसानगर में लाइट फिटिंग का काम करता था और घर की जिम्मेदारी सम्भाले था।
पिता के साथ दुकान में हाथ बंटाता था मनीष
मृतक मनीष के पिता रामप्रताप की मूसानगर में कपड़े की दुकान है। जिसमें मनीष भी साथ रहकर काम में हाथ बंटाता था। उसकी मौत पर पिता समेत मां मीना देवी, बड़ा भाई मुकेश, भाभी कोमल, बड़ी बहन मोनिका आदि रोते बिलखते रहे। लोग सभी को ढांढस बंधाते रहे।
दिल्ली एयरपोर्ट में संविदा कर्मी था प्रिंस
मृतक प्रिंस इंदिरा गांधी एयरपोर्ट दिल्ली में संविदा कर्मी था। उसके यमुना में डूबने व 48 घंटे बाद शव मिलने पर परिवार के लोग बदहवास हो गये। मां ममता, पिता पवन कुमार, बहन प्रियंका व भाई शिवम बिलखते रहे। प्रिंस का रविवार सुबह घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के काटर गांव के पास यमुना नदी से शव बरामद किया गया।
डीएम की रोक पर भी स्नान जारी
मुक्ता देवी यमुना घाट में पहले भी कई घटनाएं हो चुकी है और नदी में डूबने से कई लोगों की जाने भी जा चुकी हैं। बीती 25 जून 2022 को गजनेर निवासी सुजीत उर्फ विक्रम व उसका भांजा प्रिंस निवासी साढ़ कानपुर नगर यमुना नदी में नहाते समय डूब गए थे। इस घटना के बाद तत्कालीन जिलाधिकारी नेहा जैन ने मुक्ता देवी यमुना घाट पर स्नान करने पर रोक लगाई थी, लेकिन इस पर कुछ दिन बाद से ही अमल नहीं हुआ। और शुक्रवार को फिर एक बड़ा हादसा हो गया।
