शाहजहांपुर: 15 साल पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, लाठी-डंडों से पीटा...दोनों पैरों में मारी गोलियां

शाहजहांपुर: 15 साल पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, लाठी-डंडों से पीटा...दोनों पैरों में मारी गोलियां

कांट, अमृत विचार: 15 साल पुरानी रंजिश में दबंगों ने होली पर आए युवक को घर के बाहर चौपाल से दबोच लिया और पीटते हुए गांव में घुमाया। उसके दोनों पैरों में गोली मार दी। इसके बाद भी मन नहीं भरा तो लाठी-डंडों से जमकर पीटा।

इस दौरान युवक के परिवार वाले छोड़ने के लिए विनती करते रहे, लेकिन आरोपी नहीं माने। जब वह मरणासन हो गया तो घर के पास छोड़ कर भाग गए। पुलिस ने घायल को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचा, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बड़े भाई की तहरीर पर गांव के ही छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

कांट थाना क्षेत्र के गांव लिंथरा के यादव गौटिया निवासी राजकुमार (35) पुत्र गिरवर पर 15 साल पहले गांव के ही जगपाल पक्ष के लोगों ने चोरी का आरोप लगाया था। इसके बाद राजकुमार गांव से चला गया था। वह सीतापुर के बिस्वा में रहकर विसातखाने की दुकान करने लगा।

दो साल पहले वह अपने घर आया था, लेकिन उस दौरान गांव के ज्यादा लोगों को इसकी जानकारी नहीं हो पाई थी और वह निकल गया। बीते 15 साल के दौरान ज्यादातर समय वह घर से बाहर ही रहा। इस बार होली से दो दिन पहले घर वापस आया था।

शनिवार रात घर के बाहर बनी चौपाल में सो रहा था। रात लगभग 11 बजे गांव के निवासी छह लोगों ने उसे दबोच लिया और पीटते हुए घसीटते लगे। परिजन आरोपियों के सामने हाथ जोड़ते रहे, गिड़गिड़ाने रहे, छोड़ने की गुहार लगाते रहे, लेकिन आरोपी नहीं माने।

पिटाई करते हुए उसे काफी देर तक गांव में घुमाया, इसके बाद तालाब किनारे ले जाकर दोनों पैरों में गोली मार दी। इतने पर मन नही भरा तो लाठी-डंडों से उसे जमकर पीटा। इसके बाद गंभीर हालत में उसे घर के पास फेंक कर फरार हो गए।

घटना से गांव के लोग दहशत में आ गए। इतनी बड़ी वारदात होने के बाद भी गांव के लोग घरों से बाहर नहीं निकले। रात में ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर घायल राजकुमार को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। जहां उसकी मौत हो गई।

राजकुमार की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के दो बच्चों में बेटी शिवानी (10) और बेटा रमन (8) हैं। पत्नी सोमवती रो-रोकर बेहोश हो रही है। राजकुमार के बड़े भाई धनपाल की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही जगपाल, उसके भाई शिवराज, तीन बेटे पवन, अंशु, बृजेश व गांव के ही छविराम के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। 

15 साल पुरानी रंजिश में हुई घटना

कांट पुलिस के अनुसार घटना 15 साल पुरानी रंजिश में हुई है। राजकुमार की जगपाल व शिवराज से पुरानी रंजिश थी। शिवराज और जगपाल के यहां 15 साल पहले चोरी की घटना हुई थी, जिसमें राजकुमार का नाम आया था। तभी से राजकुमार और शिवराज के घर की रंजिश चल रही थी। बाद में राजकुमार चोरी के आरोपों से बरी हो गया। इससे आरोपी पक्ष और रंजिश मानता था। हालांकि इसके बाद भी खतरे को भांपते हुए राजकुमार गांव से बाहर रहने लगा, लेकिन रंजिश कम नहीं हुई। जब वह होली पर आया तो दुश्मनों को मौका मिल गया और उन्होंने उसकी हत्या कर दी।

घटना का कारण 15 साल पहले हुई चोरी की घटना है। आरोपियों के घर में चोरी हो गई थी और आरोप मृतक राजकुमार पर लगा था। तभी से रंजिश चल रही थी। अब तक मृतक बाहर रहता था, जिस का आरोपियों को मौका नहीं मिला था। इस बार जब वह होली पर आया तो आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी- रविंद्र सिंह, इंस्पेक्टर कांट।