अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य जून तक पूरा होने के आसार 

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

अयोध्या। अयोध्या में रामजन्मभूमि पर बन रहे दिव्य और भव्य राम मंदिर निर्माण का निर्माण कार्य जून 2025 तक पूर्ण हो जाने की संभावना है। रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय ने सोमवार को बताया कि रामजन्मभूमि पर बन रहे दिव्य और भव्य राम मंदिर निर्माण का कार्य 96 प्रतिशत पूरा हो चुका है, साथ ही परकोटा का कार्य 70 प्रतिशत किया गया है। अब आगे यह कार्य सितम्बर 2025 तक पूरा होने की संभावना है। 

उन्होंने बताया कि राम मंदिर परिसर में शबरी, निषादराज और अन्य ऋषियों के मंदिर का कार्य मई तक पूरा कर लिया जायेगा। परिसर में भगवान शेषावतार मंदिर का कार्य भी चल रहा है, जो अगस्त तक पूरा होने की उम्मीद है। राम मंदिर परिसर स्थित यात्री सुविधा केन्द्र में तुलसीदास की प्रतिमा को स्थापित किया गया है। आगामी रामनवमी पर मानस जयंती के दिन मूर्ति का अनावरण किया जायेगा। 

उन्होंने बताया कि रामजन्मभूमि परिसर में रामनवमी पर्व अर्थात् रामजन्मोत्सव पर नौ दिवसीय रामकथा का आयोजन रामजन्मभूमि परिसर में किया गया है, जिसमें आठ दिवसीय अनुष्ठान भी सम्पन्न किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि नवमी तिथि रामलला के गर्भगृह में फूल बंगले की भव्य झांकी भी सजेगी, जहां भगवान राम के जन्मोत्सव पर बधाई गायन सहित विभिन्न कार्यक्रम भी सम्पन्न किये जायेंगे। 

ट्रस्ट के महासचिव ने बताया कि रामनवमी उत्सव के दौरान परिसर स्थित अंगद टीले पर 29 मार्च से छह अप्रैल तक रामकथा का आयोजन किया जायेगा, जिसमें अतुलकृष्ण भारद्वाज कथाव्यास होंगे। रामजन्मभूमि परिसर में वाल्मीकि रामायण, रामचरित मानस और अध्यात्म रामायण का परायण होगा। इसके साथ-साथ दुर्गा सप्तशती अनुष्ठान भी सम्पन्न किया जायेगा, जिसमें एक लाख से अधिक आहुतियां डाली जायेंगी। इसके लिए दक्षिण के वैदिक आचार्य इस पूरे अनुष्ठान को सम्पन्न कराने के लिये अयोध्या पहुंचेगे।

उन्होंने बताया कि नवमी तिथि पर रामजन्मोत्सव का लाइव टेलीकास्ट भी दूरदर्शन के माध्यम से किया जायेगा। अयोध्या के लगभग पचास से अधिक स्थानों पर एलईडी के माध्यम से रामजन्मोत्सव का प्रसारण कराया जायेगा। जन्मोत्सव के दौरान मुहूर्त ठीक दोपहर बारह बजे सूर्य की किरणें रामलला के ललाट को लगभग चार मिनट तक सुशोभित करेंगी।

ये भी पढ़ें- Holi Festival 2025 : अवध की महारानी नूतन और रानी बनीं मल्लिका वर्मन

संबंधित समाचार