बरेली: ई-रिक्शा चालक को पूर्व जिपं सदस्य और बेटों ने पीटकर मार डाला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। पैर पर ई-रिक्शा चढ़ने के विरोध में पूर्व जिला पंचायत सदस्य और उसके बेटों ने चालक को पीट-पीट कर घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल ई-रिक्शा चालक को परिजन अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद लोगों ने नरियावल में जमकर बवाल किया। …

अमृत विचार, बरेली। पैर पर ई-रिक्शा चढ़ने के विरोध में पूर्व जिला पंचायत सदस्य और उसके बेटों ने चालक को पीट-पीट कर घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल ई-रिक्शा चालक को परिजन अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद लोगों ने नरियावल में जमकर बवाल किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना बिथरी में आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के गांव पदारथपुर निवासी फरजुद्दीन (35) ई-रिक्शा चलाकर कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। मंगलवार को सुबह वह नरियावल निवासी शारिक के साथ चप्पल लेने जा रहा था। रास्ते में पूर्व जिला पंचायत सदस्य जाकिर का बेटा नाजिम और नईम आ रहे थे। इसी दौरान धोखे से ई-रिक्शा जाकिर के बेटे नाजिम के पैर पर चढ़ गया। इस पर नाजिम और नईम फरजुद्दीन को गाली देने लगे। इसी बीच जाकिर भी मौके पर पहुंच गए।

बताते हैं कि तीनों लोगों ने फरजुद्दीन को पकड़ लिया और पंडितजी के धर्म कांटा के पास ले गए। वहां तीनों ने ई-रिक्शा चालक को लात-घूंसे जमकर पीटा। इससे फरजुद्दीन की हालत बिगड़ने लगी। सूचना पर पहुंचे परिजन फरजुद्दीन को लेकर अस्पताल जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। जानकारी होने पर मौके पर दर्जनों लोग जमा हो गए। इसी दौरान घटनास्थल पर पुलिस पहुंच गई।

इससे पहले कि मामला बिगड़ता पुलिस ने जाकिर, नाजिम और नईम को हिरासत में ले लिया। बिथरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मृतक के भाई मसरुद्दीन ने बताया कि फरजुद्दीन के तीन बच्चे हैं, उसकी पत्नी फूलबानो सात माह की गर्भवती है। परिवार का पालन पोषण फरजुद्दीन की मेहनत से चलती थी। उसकी मौत से परिवार बिखर गया है।

नरियावल में ई-रिक्शा चालक को तीन लोगों ने पीट-पीट कर मार डाला है। तीनों हत्यारोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। बिथरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।-रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

संबंधित समाचार