बरेली: रैन बसेरा की दीवार में पड़ी दरार, शेल्टर होम भेजे गए रहने वाले
अमृत विचार, बरेली। ठंड का मौसम अब शुरू हो चुका है। जाड़े की रात में बेसहारा लोगों का ठिकाना रैन बसेरा का हाल जाने के लिए नगर आयुक्त अभिषेक आनंद के निरीक्षण में रैन बसेराओं का सच सामाने आ गया। किसी जगह दरकती दीवार मिली तो कहीं पर व्यवस्था में खामिया। इस पर उन्होंने 10 …
अमृत विचार, बरेली। ठंड का मौसम अब शुरू हो चुका है। जाड़े की रात में बेसहारा लोगों का ठिकाना रैन बसेरा का हाल जाने के लिए नगर आयुक्त अभिषेक आनंद के निरीक्षण में रैन बसेराओं का सच सामाने आ गया। किसी जगह दरकती दीवार मिली तो कहीं पर व्यवस्था में खामिया। इस पर उन्होंने 10 दिन के भीतर व्यवस्था को चकाचक करने का निर्देश दिए। वहीं, सड़कों के निरीक्षण में घटिया सामग्री का उपयोग करने का मामला उजागर हुआ।
नगर आयुक्त ने सबसे पहले अयूब खां चौराहा स्थित रैन बसेरा का निरीक्षण किया। उन्होंने देखा कि रैन बसेरा की दीवार दरक गई है, जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। इस पर गंभीरता दिखाते हुए यहां रहने वालों को शेल्टर होम भेजवाने का निर्देश दिया। रोडवेज के परिसर में बने अस्थाई रैन बसेरा में ठंड हवा प्रवेश न हो, इसके लिए तिरपाल लगा कर ढकने की सलाह दी। चौपुला स्थित अस्थाई रैन बसेरा को टीन शेड और पर्दा लगा कर कवर करने को कहा। सेटेलाइट बस स्टेशन पर निर्माणाधीन रैन बसेरा के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि यहां पर 25 व्यक्तियों ठहरे की व्यवस्था बनाई जा रही है। इसे जल्द से पूरा करने का आदेश दिया। डेलापीर अस्थाई रैन बसेरा का कार्य पूरा कर इसी सप्ताह चालू करने को कहा।
सड़क निर्माण में मिली खामिया
नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने जगदीश बिहार कालोनी में बन रहे सीसी रोड का निरीक्षण किया। जहां पर सड़क ज्वाइंट खराब पाए जाने पर तुरंत ठीक करने का आदेश दिया। वार्ड 29 रहपुरा सड़क निरीक्षण में गड़बड़ी पाई गई। सड़क में लगी टाईल्स का परीक्षण करने के लिए मुख्य अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया। पुलिया की खराब हाल देखकर नगर आयुक्त ने जिम्मेदार अफसरों की फटकार लगाई। इस दौरान मुख्य अभियंता वीके सिंह, अधिशासी अभियंता संजय सिंह चौहान, सहायक अभियंता मनोज गुप्ता, वीणा मौर्य आदि मौजूद रहे।
सड़क पर मलबा रखने पर लगा जुर्माना
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अशोक कुमार की अगुवाई में मंगलवार को कर्मचारी नगर और मिनी बाइपास रोड पर सड़क पर मलबा रखने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। सी एंड डी वेस्ट के अभियान के तहत सड़क पर कचरा और मलबा फेंकने वालों से करीब आठ हजार रुपये अर्थ दंड के रूप में वसूल किया गया। इस दौरान प्रवर्तन दल के प्रभारी सुधीर उर्फ भोला, विवेक, जगदीश, पूर्णिमा, राजीव बालियान आदि मौजूद रहे।
