बरेली: लड़की को सहेली से हुआ प्यार तो आधी रात को गाड़ी लगाकर घर से भगा ले गईं सहेलियां! 

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

बरेली, अमृत विचार: अंतर-धार्मिक प्रेम विवाह को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले बरेली जिले में इश्क का एक अजीबो-गरीब किस्सा सामने आया है। ये लव स्टोरी दो लड़कियों (सहेलियों) की है, जिन्हें आपस में एक-दूसरे से प्रेम हो गया। घरवलों ने उनके मिलने पर रोक लगाई तो इस जोड़े ने बगावत कर दी। प्रेमी की भूमिका निभाने वाली लड़की, अपनी दो सहेलियों के साथ आधी रात को प्रेमिका के घर आ धमकी। दरवाजे पर गाड़ी लगाई। घरवालों की आंखों के सामने अपनी प्रेमिका (सहेली) को लेकर फरार हो गई। पीड़ित परिवार ने फरीदपुर थाने में तहरीर देकर बेटी को बरामद करने की गुहार लगाई है। 

मामला फरीदपुर थाना क्षेत्र का है। यहां की एक लड़की, टॉफी फैक्ट्री में काम करती थी। इसी बीच दूसरी उसकी सहेली बन गई। हालांकि ये दोस्ताना कब प्यार में बदल गया-किसी को खबर नहीं लगी। दो लड़कियों की घनिष्ठ मित्रता या नजदीकी से किसी को कोई परहेज भी नहीं हुआ। उधर, दोनों सहेलियों का इश्क परवान चढ़ता गया। शादी के ख्वाब बुन गए। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी जोकि नाबालिग है-वह दूसरी लड़की के साथ शादी करने की जिद पकड़े है।  

परिवार के मुताबिक, जब उन्हें बेटी के इस रिश्ते के बारे में पता लगा तो उनके पैरों तले की जमीन खिचक गई। उन्होंने फौरन ही टॉफी फैक्ट्री में उसकी जॉब छुड़वा दी। घर में उसकी निगरानी बढ़ाई और समझाने की कोशिश करने लगे। लेकिन इसी बीच बुधवार रात ये घटना हो गई।

परिजनों का आरोप है कि रात के 12 बजे का वक्त था। उनके घर के दरवाजे पर एक कार आकर रुकी। आहट सुनकर वह जाग गए। बाहर निकलकर देखा तो उनकी बेटी कार में बैठी थी। उसके साथ में तीन और लड़कियां थीं। इसमें वो सहेली भी थी, जिसके साथ मेरी बेटी ने शादी करने की इच्छा जताई। 

आधी रात में बेटी को गाड़ी में बैठा देखकर उन्होंने रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक वे गाड़ी लेकर फरार हो गईं। घबराए परिजनों ने कुछ दूर तक उनका पीछा भी किया। लेकिन हारकर बैठ गए। 

लड़की के घरवालों ने फरीदपुर पुलिस को तहरीर देकर बेटी बरामद करने की अपील की है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस किशोरी की तलाश में जुटी है। फिलहाल उसकी कोई खैर-खबर नहीं है। फरीदपुर थाने के इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने कहा कि किशोरी की तलाश की जा रही है। 

उधर, घरवालों की चिंता बढ़ती जा रही है। बेटी की फिक्र है, अनहोनी की आशंका डरा रही है। दूसरी तरफ पुलिस भी हर पहलू पर जांच कर रही है। क्या वाकई में ये मामला समलैंगिकता से जुड़ा है? एक लड़की को घर से भगाकर ले जाने में सहयोग करने वाली बाकी दो लड़कियां कौन थीं? कई सारे पहलू हैं जिन पर गौर करते हुए जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- Bareilly: इस लड़की ने प्रधानमंत्री के बारे में कही ऐसी बात...अब जाना पड़ा जेल!

संबंधित समाचार