कानपुर देहात में संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ खाकर थाने पहुंची महिला; पति की मारपीट से तंग आकर जान देने का किया प्रयास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात, अमृत विचार। राजपुर थानाक्षेत्र के बिजहरा गांव में घरेलू कलह से परेशान महिला संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ निगल कर थाने में पहुंच गई। जानकारी पर पुलिस कर्मियों के हाथ-पैर फूल गये। आनन-फानन में महिला को पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। घटना के बाद महिला का पति फरार हो गया।

राजपुर थानाक्षेत्र के बिजहरा गांव निवासी मनोज कुमार की पत्नी जया देवी (48) ने शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया और बाद में थाना पहुंच गई। महिला ने पुलिस कर्मियों को बताया कि उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया है। जानकारी पर पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। 

आनन-फानन में थानाध्यक्ष कालीचरन ने सरकारी जीप से महिला को राजपुर पीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉ. अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में महिला को मेडिकल कॉलेज अकबरपुर रेफर कर दिया। इधर महिला ने पुलिस को बताया कि पति मनोज आए दिन मारपीट करता है। 

विरोध करने पर बच्चों के साथ मारपीट करते हैं। जिससे खफा होकर उसने जहरीला पदार्थ निगल कर जान देने का प्रयास किया है। थानाध्यक्ष कालीचरन ने बताया कि महिला के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है। पत्नी के जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी के बाद उसका पति घर से फरार हो गया है। मामले में जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- कानपुर में अनटैप्ड नाले जून 2027 तक टैप्ड किए जाएंगे; NGT ने दिए ये निर्देश, अनुमानित 152 करोड़ रुपये होंगे खर्च...

संबंधित समाचार