तहसील कर्मी ने परिवार को पीटा, बेटी की किताबें फाड़ कर फेंकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार : तहसील में काम करने वाले एक व्यक्ति से उसकी पत्नी आजिज आ चुकी है। रोजाना शराब पीकर हंगामा और मारपीट करने वाले पति के खिलाफ महिला एक बार फिर तहरीर लेकर पुलिस के पास पहुंच गई। इस बार उसने न सिर्फ अपनी पत्नी को पीटा, बल्कि बच्चों की कॉपी-किताबें भी फाड़ कर फेंक दी। पुलिस इस मामले में आरोपी की काउंसिलिंग कर रही है। 

तहसील में कार्यरत यह कर्मी परिवार के साथ कोतवाली क्षेत्र में रहता है। शनिवार को कर्मी की पत्नी अपनी 15 वर्षीय बेटी के साथ कोतवाली स्थित महिला हेल्पलाइन पहुंची। उसने पति के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। महिला का आरोप है कि उसका पति आए दिन शराब पीता है और शराब के नशे में परिवार के साथ मारपीट करता है। शुक्रवार रात कर्मचारी ने बेटी की किताबें फाड़ दी। विरोध करने पर वह मारपीट पर उतारू हो गया। बताया जा रहा है कि पीड़िता पहले भी पति की शिकायत कर चुकी है। प्रभारी महिला हेल्पलाइन सुनीता कुंवर ने बताया कि काउंसलिंग की तारीख तय करके दंपति को बुलाया गया है। 

संबंधित समाचार