वकार को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कड़े मुकाबले की उम्मीद
कराची। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज वकार यूनिस का मानना है कि भारतीय टीम के तेजी से उभरते हुए तेज गेंदबाजों व आस्ट्रेलियाई टीम में डेविड वार्नर और स्टीव स्मिथ की वापसी से दोनों टीमों के बीच आगामी क्रिकेट श्रृंखला काफी प्रतिस्पर्धी होगी। भारत और आस्ट्रेलिया के बीच श्रृंखला की शुरुआत शुक्रवार को सिडनी में पहले …
कराची। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज वकार यूनिस का मानना है कि भारतीय टीम के तेजी से उभरते हुए तेज गेंदबाजों व आस्ट्रेलियाई टीम में डेविड वार्नर और स्टीव स्मिथ की वापसी से दोनों टीमों के बीच आगामी क्रिकेट श्रृंखला काफी प्रतिस्पर्धी होगी।
भारत और आस्ट्रेलिया के बीच श्रृंखला की शुरुआत शुक्रवार को सिडनी में पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच के साथ होगी। वकार ने कहा कि आस्ट्रेलिया भारत पर कड़ा प्रहार करेगा क्योंकि वे अब भी 2018 की घरेलू टेस्ट श्रृंखला में शिकस्त की पीड़ा को महसूस कर रहे होंगे। वकार ने एक यूट्यूब चैनल से कहा कि आस्ट्रेलिया अपने घर में खेल रहा है और उसने अच्छा तेज गेंदबाजी आक्रमण तैयार किया है और डेविड वार्नर तथा स्टीव स्मिथ की वापसी से वे काफी मजबूत लग रहे हैं लेकिन भारत के पास भी कुछ अच्छे तेज गेंदबाज हैं जो काफी तेजी से उभरे हैं और उन्होंने आस्ट्रेलिया के अपने पिछले दौरे पर अच्छी गेंदबाजी की थी। उन्होंने कहा कि भारत की बल्लेबाजी काफी प्रभावशाली है जिसमें पुजारा और रहाणे जैसे टेस्ट प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी शामिल हैं इसलिए मुझे अच्छे मुकाबले की उम्मीद है।
