हिंदू होकर नमाज पढ़ रहे, अपने धर्म के साथ धोखा! सपा विधायक के वीडियो पर हमलावर भाजपा विधायक

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

 अमृत विचार : उत्तर प्रदेश में तुष्टीकरण की राजनीति पर जारी घमासान के बीच समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा के एक वीडियो ने सियासी गलियारे में हलचल मचा दी है। विधायक रविदास मेहरोत्रा का ये वीडियो लखनऊ के मॉल एवेन्यू स्थित दरगाह मियां में रोजा इफ्तार से जुड़ा है, जहां वे आम रोजेदारों के साथ नमाज अदा करते देखे जा रहे हैं। भाजपा ने इस वीडियो पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी को घेरा है तो, सपा समर्थक इसे गंगा-जमुनी तहजीब से जोड़कर देख रहे हैं। 
 
रविदास मेहरोत्रा लखनऊ मध्य से विधायक हैं। मंगलवार को वह दरगाह मियां में आयोजित इफ्तार पार्टी में शामिल हुए थे। इफ्तार के बाद दरगाह अहाते में नमाज अदा की गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि नमाजियों के साथ विधायक रविदास मेहरोत्रा भी सफ में खड़े होकर नमाज पढ़ रहे हैं। विधायक ने कहा कि हिंदू-मुस्लिम समाज को एकजुट होकर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हम सभी त्योहार साथ मनाते हैं। होली खोलते हैं और ईद मनाते हैं-उसी तरह हम नमाज भी पढ़ सकते हैं। यही भारत है। उन्होंने कहा कि समाज में नफरत फैलाने वालों और भाई से भाई को लड़ाने वालों के लिए ये एक संदेश है। 

रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि वह सभी धर्मों का आदर करते हैं और उनके आयोजनों में शामिल होते हैं। नमाजियों के साथ खड़े होकर नमाज पढ़ने पर आखिर भाजपा को क्या आपत्ति है। उधर, देवरिया से भाजपा विधायक शलभमणि त्रिपाठी ने इस वीडियो के जरिये सपा पर निशाना साधा है। शलभमणि त्रिपाठी ने कहा कि गोल टोपी पहनकर ये लोग अपने धर्म का मजाक बना रहे हैं। हिंदू होकर नमाज अदा कर रहे हैं। ऐसा करके ये अपने धर्म के साथ धोखा कर रहे हैं। 

सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा के वीडियो को लेकर समाज के बीच से मिलीजुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। लोग अपने-अपने लिहाज से प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। दूसरी तरफ सपा और भाजपा के बीच इस मुद्दे पर बहस जारी है।

यह भी पढ़ें:- Barabanki News : नौ अपराधिक मामले दर्ज, फिर भी शातिर माफिया बाबा पठान पुलिस की पकड़ से कोसों दूर 

संबंधित समाचार