कानपुर में मरियमपुर-सचान चौराहा तक थ्री लेन फ्लाईओवर; पहले चार लेन का फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव भेजा गया था...

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

सांसद, विधायक व सेतु निगम के अधिकारी ने किया निरीक्षण 

कानपुर, अमृत विचार। शहर से दक्षिण आने व जाने वालों को जाम की समस्या से न जूझना पड़े, इसलिए मरियमपुर चौराहा से लेकर सचान चौराहा तक तीन लेन का फ्लाईओवर बनाया जाएगा। पहले चार लेन का फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव भेजा गया था।  

सांसद रमेश अवस्थी व गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने सेतु निगम के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। साथ ही वाहन सवार लोगों का दर्द भी समझा। निरीक्षण के दौरान ही तय हुआ कि जगह के अभाव को देखते हुए तीन लेन का फ्लाईओवर बनाया जाए। 

सांसद रमेश अवस्थी और विधायक सुरेंद्र मैथानी व सेतु निगम के अधिकारी फजलगंज चौराहा पहुंचे। यहां पर उन्होंने भौगोलिक स्थिति देखी और किसी दिशा से ट्रैफिक का भार अधिक आ रहा है, यहां देखा। इसके बाद वह फजलगंज से गोविंद नगर पुराने पुल की तरफ पहुंचे, पुल उतरते समय उनको मोड पर ही जाम मिला, जो चावला मार्केट चौराहा तक था। 

जाम खुलने के बाद वह नंदलाल चौराहा की ओर बढ़े तो भी जाम स्थिति थी। हालांकि साकेत नगर की ओर जाम कम मिला, लेकिन पराग डेरी थोड़ा बढ़ने पर सचान चौराहा तक वाहन की रफ्तार धीमी मिली। निरीक्षण के दौरान सांसद व विधायक ने सेतु निगम के अधिकारियों से वार्ता की। सेतु निगम के अधिकारियों ने सांसद को बताया कि मार्ग पर फजलगंज से लेकर गोविंद नगर तक फ्लाईओवर का प्रस्ताव बनाया गया है। 

इस पर विधायक ने बीच में टोकते हुए सांसद से कहा कि जाम की समस्या मरियमपुर से लेकर सचान चौराहा तक अधिक है, इसलिए मरियमपुर चौराहा से लेकर सचान चौराहा तक फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाए। इस पर सांसद रमेश अवस्थी ने सहमति जताते हुए सेतु निगम के अधिकारियों से वार्ता की और मरियमपुर से लेकर सचान चौराहा तक फ्लाईओवर बनाने के संबंध में रूपरेखा तैयार करने को कहा। 

एक सप्ताह में तैयार होगी सर्वे रिर्पोट 

सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक विजय कुमार सेन ने बताया कि मरियमपुर से लेकर सचान चौराहा तक फ्लाईओवर निर्माण के संबंध में स्थलीय निरीक्षण किया गया है। यहां पर पहले फजलगंल से गोविंद नगर तक फ्लाईओवर बनना था, जिसकी लंबाई अब बढ़ा दी जाएगी। 

वहीं, वर्तमान स्थित और भविष्य की स्थिति को देखते हुए मार्ग पर तीन लेन का फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इस संबंध में एक सप्ताह सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। उसके बाद रिपोर्ट को मुख्यालय भेजी जाएगी। इसके बाद मुख्यालय से मिले आदेशानुसार कार्य किया जाएगा। फ्लाईओवर की चौड़ाई साढ़े 10 मीटर होगी।

सांसद ने गोविंदपुरी स्टेशन का काम देखा 

सांसद रमेश अवस्थी ने अमृत भारत योजना के तहत विकसित किए जा रहे गोविंदपुरी स्टेशन का काम देखा। इसके बाद पनकीधाम स्टेशन के कामों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और समय सीमा के अंदर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कहा कि कामों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। 

ये भी पढ़ें- हेलमेट न लगाना पड़ा भारी: कानपुर में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष के भाई को कार ने मारी टक्कर, दीवार से टकराकर मौत

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज