Ayodhya Crime News : रामनवमी मेले में चोरी व लूटपाट करने आई पांच महिलाएं गिरफ्तार 

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

जौनपुर व आजमगढ़ की रहने वाली हैं महिलाएं, ई रिक्शा में महिला से लूटी गई चेन बरामद

अयोध्या : कोतवाली अयोध्या पुलिस ने रामनवमी मेले में चोरी व लूटपाट के इरादे से आईं पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। वहीं दो पुरुष आरोपी फरार होने में कामयाब हो गए। आरोपियों के पास से ई रिक्शा में एक महिला के गले से उड़ाई गई चेन भी बरामद हुई है। सभी आरोपी जौनपुर व आजमगढ़ की रहने वाली है।

29 मार्च को मिर्जापुर निमौली थाना पूराकलंदर निवासी क्रांति कुमारी अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से ई रिक्शे से खाले का पुरवा रामघाट जा रही थी। मानस भवन से आगे बढ़ने पर चार-पांच महिलाएं भी ई रिक्शे में बैठ गई, जो कुछ दूर जाकर उतर गई। उनके जाने के कुछ देर बाद क्रांति ने देखा कि उनके गले से सोने की चेन गायब है। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में उक्त महिलाओं पर चेन चोरी करने का आरोप लगाया था। केस दर्ज करने के बाद कोतवाली पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी हुई थी।

पांच महिलाएं गिरफ्तार (1)

31 मार्च को आरपीएफ के एएसआई दिलीप कुमार ने पुलिस टीम को सूचना दी कि मौनी बाबा अंडर पास मदरहिया मार्ग के पास कुछ महिला व पुरुष लूट व डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना पर रात करीब 2:45 बजे वहां कार्रवाई की गई तो पुरुष आरोपी शिवकुमार व अशोक पता अज्ञात फरार हो गए। वहीं पुलिस ने मोनिका (25) निवासी लतीरपुर शाहगंज थाना शाहगंज जनपद जौनपुर, आरती (26) निवासी बलुआ कटरा थाना मुबारकपुर आजमगढ़, प्रियंका (22) निवासी बलुआ कटरा थाना मुबारकपुर आजमगढ़, रोशनी (25) निवासी फूलपुर आजमगढ़ व किरण (30) निवासी बरसोली थाना सरपतहा जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से क्रांति की चोरी हुई चेन समेत चाकू, हथौड़ा, पेंचकस आदि बरामद हुआ।

अयोध्या कोतवाल मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि पकड़ी गई महिलाओं से एक सोने की चेन बरामद हुई है जो 29 मार्च को ई रिक्शे में एक महिला से चुराई गई थी। आरोपी महिलाओं ने पूछताछ में बताया कि उनका बड़ा गिरोह है, जिसमें ज्यादातर महिलाएं ही हैं जो आजमगढ़ व जौनपुर की निवासी हैं। हम मेला आदि में जाकर चोरी व लूटपाट की घटना करते हैं। रामनवमी मेले में भी 15-20 महिलाओं का गिरोह आया है। कोतवाल ने बताया कि जल्द ही सभी गिरफ्त में होंगी।

यह भी पढ़ें:- नगर पंचायत में सीसी रोड निर्माण में बरती गई अनियमियता : सड़क निर्माण के दूसरे दिन ही आई दरारें

संबंधित समाचार