दिन में गर्मी का सितम, रात को पहाड़ से ज्यादा ठंड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार: दिन के समय जहां एक ओर गर्मी पड़ रही है तो वहीं रात को तापमान में भारी गिरावट आ रही है। गिरावट की वजह से रात को हल्द्वानी में न्यूनतम तापमान मुक्तेश्वर से भी कम दर्ज किया जा रहा है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले कुछ  दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा।

हल्द्वानी में दिन के समय पारा चढ़ रहा है। अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से अधिक है। दिन के समय लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा है। शाम होने के साथ ही तापमान में जबरदस्त गिरावट आ रही है। पारे में कुछ ही घंटों में 25 डिग्री की गिरावट आ रही है। गुरुवार को हल्द्वानी में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री था। उधर मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री था। हल्द्वानी में रात के समय तापमान में इतनी भारी गिरावट हो रही है कि न्यूनतम तापमान पहाड़ से कम पहुंच रहा है।

रात के समय ठिठुरन का मौसम हो रहा है तो वहीं दोपहर के समय अब लोग एसी तक चलाने लगे हैं। ऐसा मौसम पिछले एक सप्ताह से बना हुआ है। मौसम विज्ञानी डॉ. आरके सिंह के अनुसार अभी कुछ दिनों तक इसी तरह से मौसम बना रहेगा। दिन के समय गर्मी में और भी बढ़ोत्तरी होगी। इस साल भी लोगों को प्रचंड गर्मी के लिए तैयार रहना पड़ेगा। 

संबंधित समाचार