हल्द्वानी: समधन ने भला बुरा कहा तो लगाया मौत को गले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी,अमृत विचार। मंडी चौकी क्षेत्र से 24 घंटे से लापता एक टेलर का शव उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय से सटे जंगल में मिला। मौके से खाली नुवान की शीशी और सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सुसाइड नोट के आधार पर साफ हुआ कि समधन ने भला बुरा कहा तो टेलर ने क्षुब्ध होकर मौत को गले …

हल्द्वानी,अमृत विचार। मंडी चौकी क्षेत्र से 24 घंटे से लापता एक टेलर का शव उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय से सटे जंगल में मिला। मौके से खाली नुवान की शीशी और सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सुसाइड नोट के आधार पर साफ हुआ कि समधन ने भला बुरा कहा तो टेलर ने क्षुब्ध होकर मौत को गले लगा लिया।

जानकारी के अनुसार हरिपुर तुलाराम ग्राम निवासी 47 वर्षीय टेलर प्रकाश चंद्र 24 नवंबर की दोपहर घर से बिना बताए चला गया था। वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। बुधवार दोपहर तीन बजे परिजनों को मुक्त विवि से सटे जंगल में टेलर का शव मिला। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के पास ही खाली नुवान की शीशी और सुसाइड नोट बरामद किया। सुसाइड नोट में समधन के भलाबुरा कहने से क्षुब्ध होकर आत्मघाती कदम उठाने का जिक्र किया गया है। मृतक के बेटे दिनेश से नोट की लिखावट की पहचान के आधार पर आत्महत्या की पुष्टि हुई।

इधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी एसआइ दिलबर सिंह भंडारी ने बताया कि मृतक की गुमशुदगी वाले दिन शांतिपुरी निवासी समधन बेटी के ससुराल आई थी। आपसी विवाद के बाद वह अपनी बेटी को लेकर मायके चली गई। लेकिन 10 माह की मासूम नातिन को बेटी की ससुराल में ही छोड़ गई। यह घटना प्रकाश चंद्र को इतनी नागवार गुजरी कि उसने मौत को गले लगा लिया।

सास पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
मृतक के बेटे दिनेश ने सास पर पिता को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। हालांकि अभी इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत नहीं मिली है। कोतवाल संजय कुमार का कहना है कि तहरीर मिलने पर आरोपित पर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार