बरेली में अगले चार दिन बारिश से मिलेगी गर्मी से राहत, पारा घटने का अनुमान

Amrit Vichar Network
Published By Preeti Kohli
On

बरेली, अमृत विचार: जिले में गर्मी का कहर शुरू हो गया है। पिछले एक सप्ताह से तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। पिछले चार दिनों से अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड हो रहा है और तेज धूप की वजह से 40 डिग्री का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने दो दिन तापमान बढ़ने और मंगलवार को तेज हवा चलने के बाद चार दिन बारिश की भविष्यवाणी की है।

रविवार को गर्मी की वजह से दोपहर में मुख्य बाजार कुतुबखाना, श्यामगंज, सिविल लाइंस, राजेंद्र नगर समेत अन्य जगह कम लोग ही बाहर निकले। जो बाहर निकलने उन्होंने धूप से बचने के लिए चेहरे ढक रखे थे। अधिक गर्मी से दोपहर में रिक्शा चालक भी पेड़ों की छाया में बैठे रहे।

रविवार को जिले में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक 37.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस कम 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान हवा में नमी सुबह 44 और शाम को 29 प्रतिशत दर्ज की गई।

आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री तक दर्ज होने का पूर्वानुमान है। वहीं 8 अप्रैल को 12-15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज गर्म हवाएं चलेंगी।

9,10, 11 और 12 अप्रैल को बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इससे अधिकतम तापमान 37 से गिरकर 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से बढ़कर 23 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हो सकता है।

ये भी पढ़ें- बरेली: ब्लैकलिस्ट फर्म को ठेका देने में अधिकारियों की गलती, जांच जारी

संबंधित समाचार