Kanpur: ई रिक्शा-ई ऑटो के रूट 21 अप्रैल से होंगे तय, रूट के हिसाब से ई रिक्शों के रंग किए जाएंगे आवंटित

कानपुर, अमृत विचार। शहर की यातायात को चौपट कर रहे ई रिक्शों की अराजकता पर लगाम लगाने के लिए इनके रूट निर्धारित कर दिये गये हैं। ये नियम 21 अप्रैल से लागू होंगे। जिस रूट का ई रिक्शा होगा, उसका कलर भी उसी रूट का होगा। ऐसे में अपने निर्धारित रूट के अलावा दूसरे रूटों पर ई रिक्शा जाएंगे तो उनके सीज करने की कार्रवाई हो जाएगी।
बता दें कि शहर में करीब 90 हजार ई रिक्शे हर गली चौराहे पर चल रहे हैं। ये किसी यातायात नियम को नहीं मानते और बीच सड़क रिक्शा खड़ी कर सवारी बैठाते और उतारते हैं। चौराहों को आसपास इनका इतना जमावड़ा रहता है कि हर वक्त जाम लगता है। इसके अलावा ई रिक्शे आवागमन के लिए असुरक्षित भी हैं। जरा सा भी डगमगाने पर पलट जाते हैं और सवारियां घायल हो जाती हैं। अब नगर निगम एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से ई रिक्शा/ई ऑटो मैनेजमेंट योजना को प्रयोगात्मक रूप से 21 अप्रैल से लागू किया जाएगा।
21 को कैंप, पंजीयन यहां कराएं
॰ जोन-2 नगर निगम चकेरी थाना पूर्वी
॰ ट्रैफिक पुलिस लाइन
॰ थाना छावनी, गुंजन टाकीज पार्किंग परिसर
॰ जीआईसी ग्राउंड चुन्नीगंज
॰ जोन-5 नगर निगम आफिस
॰ थाना बाबूपुरवा, थाना बर्रा, थाना अर्मापुर
ई रिक्शा स्वामी ये दस्तावेज लाएं
पंजीयन के लिए पहचानपत्र, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, बीमार, आरसी, स्वामित्व की प्रमाणिकता, ई रिक्शा की आगे पीछे की फोटो, वाहन स्वामी व चालक की पासपोर्ट साइज फोटो के साथ कैंप में आएं और अपने ई रिक्शा, ई ऑटो का पंजीयन कराएं। इच्छुक विकल्प में से प्राप्त रुट के अनुसार कलर क्यूआर कोड व यूनिक नंबर प्राप्त करें। ई रिक्शा पर पंजीयन का स्टीकर चिपकाकर रजिस्टर्ड चालक ही ई रिक्शा संचालित कर सकेंगे।
6 ई रिक्शे सीज, 157 के चालान
संभागीय परिवहन एवं यातायात की टीम ने महानगर व शहर की सीमाओं के पास अराजकता कर रहे ई रिक्शों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नाबालिग मिले चालकों के 6 ई रिक्शे सीज कर दिये गये जबकि 157 ई रिक्शों का चालान किया गया। वहीं गलत दिशा में आए 169 वाहन, तीन सवारी दो पहिया 110 वाहन, बिना हेलमेट 23 वाहन, अन्य धाराओं में 1328 समेत 1630 वाहनों का चालान किया गया।