Kanpur Dehat: थाने के हॉस्टल में महिला कांस्टेबल ने फंदा लगाने का किया प्रयास, साथी पुलिस कर्मी ने तत्परता दिखा बचाई जान, CHC में भर्ती

कानपुर देहात, अमृत विचार। थाना रूरा में तैनात एक महिला सिपाही ने अज्ञात कारणों से हॉस्टल के कमरे में फंदा लगा कर जान देने की कोशिश की। साथ में रह रही महिला सिपाही की तत्परता दिखाते हुए महिला सिपाही की जान बचाई।
मूल रूप से जनपद आगरा की रहने वाली प्रवेश विशन (29) वर्ष 2021 में पुलिस विभाग में भर्ती हुई थी। उनकी करीब दो साल से थाना रूरा में तैनाती है। शुक्रवार को कांस्टेबल प्रवेश विशन की ड्यूटी महिला हेल्प डेस्क पर थी। वह दोपहर को थाना ग्राउंड में बने नए हॉस्टल स्थित अपने कमरे में गई थी। काफी देर तक न आने पर साथी महिला सिपाही जया ने प्रवेश को फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया।
इस पर वह महिला सिपाही के कमरे पर पहुंची तो दरवाजा खटखटाया। जिसके न खुलने पर उसने दरवाजे को धक्का देकर खोला तो देखा की प्रवेश गले में फंदा डालने की कोशिश कर रही थी। सिपाही जया ने तत्परता दिखाते हुए महिला सिपाही की जान बचाई और सूचना थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह को दी। थाना प्रभारी ने महिला सिपाही को सीएचसी रूरा भेजा और जानकारी उसके परिजनों व उच्चाधिकारियों को दी है। सीओ सदर प्रिया सिंह ने मौके पर पहुंच कर महिला सिपाही का हाल जाना है। थाना प्रभारी ने कहा कि महिला कांस्टेबल की काउंसलिंग कराई जाएगी।
फंदा लगाने का स्पष्ट नहीं कारण
रूरा थाना के हॉस्टल में महिला सिपाही के फंदा लगाने का फिलहाल स्पष्ट कारण तो नहीं पता चल सका है, लेकिन कुछ दिन पूर्व महिला सिपाही की शिकायत पर थाने में तैनात एक सिपाही को पुलिस अधीक्षक ने लाइन हाजिर किया गया था। चर्चा रही कि लाइन हाजिर किए सिपाही ने महिला पर कुछ कमेंट किए थे। जिसकी उसने उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी।