घर में बीवी करती है पंगा, पति का दफ्तर में निकलता है गुस्सा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार : महिला समाधान केंद्र में दांपत्य विवाद के अजीबो-गरीब मामले सामने आते हैं। ऐसा ही एक और पेचीदा मामला यहां पहुंचा तो समस्या सुन पुलिस कर्मी भी दंग रह गए। बड़ी बात यह है कि बात-बात पर विवाद करने वाला यह दंपती कामकाजी है। महिला सरकारी कर्मी है तो पति एक बड़ी कंपनी में अधिकारी है। महिला समाधान केंद्र की ओर से दोनों को काउंसलिंग के लिए अगली तारीख दी गई है। 

यह दंपती कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला है। एक सरकारी विभाग में कार्यरत महिला ने कुछ दिन पूर्व पुलिस को तहरीर देकर अपने पति पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। पुलिस दंपती के बीच सुलझाने का जिम्मा महिला समाधान केंद्र को दिया। इस मामले में गुरुवार को दोनों को काउंसलिंग के लिए बुलाया। यहां पुलिस कर्मियों को महिला के पति ने बताया कि वह ऊधमसिंह नगर में एक कंपनी में कार्यरत है। आरोप लगाया कि उसकी पत्नी जरा-जरा सी बात पर उससे विवाद करती है। घर में तो वह कुछ कह नहीं पाता, लेकिन जब दफ्तर पहुंचता है पत्नी का सारा गुस्सा कर्मचारियों पर निकल जाता है।

उनके बीच होने वाली हर छोटी बात को वह मायके तक पहुंचा देती है। झगड़ते वक्त वह यह भी नहीं देखती कि घर में बच्चे हैं या नहीं। मायके वाले भी अपनी ही बेटी का पक्ष लेते हैं। जबकि पत्नी ने पति पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसका पति उसे घर से निकल जाने को कहता है। बहरहाल, गुरुवार को हुई काउंसलिंग में दोनों के बीच सहमति नहीं बन पाई। जिस पर उन्हें अगली तारीख दी गई। महिला समाधान केंद्र प्रभारी सुनीता कुंवर ने बताया कि दोनों पक्षों में सहमति बनाने के लिए अगली तारीख दी गई है। 

संबंधित समाचार