लखनऊ : कमिश्नरेट के चार सर्किल का बदला जोन : पुर्नगठन में दो थानों के सर्किल इधर-उधर किए गये

नई व्यवस्था लागू, संख्या कम होने के बाद भी पश्चिमी जोन में सर्वाधिक थाने, पांच वर्ष में 45 से बढ़कर हो गये 54 थाने, 13 से 16 हुई सर्किल
लखनऊ : पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के पांच वर्ष पूरे हो गये है। इस दौरान दो बार विस्तृत पुर्नगठन किया गया। वहीं, एक बार आंशिक पुर्नगठन किया गया। शनिवार रात को जारी आदेश में कमिश्नरेट के चार सर्किल के जोन में बदलाव किया गया है। वहीं दो थानों के सर्किल भी बदले गये हैं। पांच वर्ष में कमिश्नरेट में थानों की संख्या 45 से 54 हुई। वहीं, सर्किल भी 13 से 16 हो गई हैं। दूसरे विस्तृत पुर्नगठन को पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर ने शनिवार को मुहर लगा दी। इसके पूर्व 4 नवंरब 2022 को पूरे राजधानी में महानगरीय व्यवस्था लागू करते हुए ग्रामीण एसपी के क्षेत्र का विलय किया गया था। तब पांच जोन, 16 सर्किल और 52 थाने थे। हाल ही में महिगवां थाना बनाया गया। वहीं साइबर क्राइम थाने को कमिश्नरेट के अधीन कर दिया गया।
कमिश्नरेट के नये बदलाव के संबंध में आपके अपने समाचार पत्र अमृत विचार ने एक माह पूर्व 19 मार्च के अंक में खबर प्रकाशित किया था। अमृत विचार ने जिन बदलाव को प्रकाशित किया था। उस पर पुलिस कमिश्नरेट ने मुहर लगा दी। पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर ने कमिश्नरेट के पुर्नगठन के लिए मार्च में एक समिति गठित की थी। समिति की अध्यक्षता जेसीपी कानून-व्यवस्था बबलू कुमार कर रहे थे। कमेटी ने होली के बाद बदलाव का प्रस्ताव तैयार किया। जिसमें चार सर्किल के जोन बदलने का प्रस्ताव था। जिन सर्किल के जोन बदलने थे उनमें कैंट पूर्वी से मध्य, गाजीपुर उत्तरी से पूर्वी, मलिहाबाद पश्चिमी से उत्तरी और कैसरबाग मध्य से पश्चिमी जोन में शामिल करने का प्रस्ताव था। वहीं दो थानों के सर्किल बदलने का भी सुझाव था। इसमें मानकनगर को काकोरी सर्किल से कैंट और पीजीआई को कैंट से गोसाईंगंज सर्किल में शामिल करने की बात कही गई थी।
अब ऐसा रहेगा पुलिस कमिश्नरेट
पश्चिमी जोन : जो नया बदलाव हुआ है उसमें पश्चिम जोन में चौक, बाजारखाला, कैसरबाग और काकोरी सर्किल को शामिल किया गया है। चौक सर्किल में चौक, ठाकुरगंज और वजीरगंज थाना। बाजारखाला सर्किल में तालकटोरा, सआदतगंज व बाजारखाला कोतवाली यह पूर्ववत की भांति रहेगी। काकोरी में दुबग्गा, पारा और काकोरी थाना रहेगा। इस सर्किल से माकनगर थाने को हटा दिया गया है। कैसरबाग सर्किल को मध्य जोन से हटा कर पश्चिम में जोड़ा गया है। कैसरबाग सर्किल में कैसरबाग, अमीनाबाद और नाका थाने है।
मध्य जोन : हजरतगंज, कैंट और महानगर सर्किल हैं। कैंट पहले पूर्वी जोन में था। हजरतगंज सर्किल हजरतगंज, हुसैनगंज, गौतमपल्ली और महिला थाना है। कैंट सर्किल में कैंट, आलमबाग, आशियाना और मानकनगर थाने को शामिल किया गया है। महानगर सर्किल में हसनगंज, मदेयगंज और महानगर कोतवाली को रखा गया है।
उत्तरी जोन : इसमें अलीगंज, मलिहाबाद और बीकेटी तीन सर्किल हैं। पश्चिमी जोन के मलिहाबाद सर्किल को उत्तरी में शामिल किया गया है। वहीं, गाजीपुर को हटा दिया गया है। अलीगंज सर्किल में अलीगंज, मड़ियांव और जानकीपुरम थाना होगा। मलिहाबाद सर्किल में मलिहाबाद, माल और रहीमाबाद तीनों थाने पहले की भांति होंगे। इसके अलावा बीकेटी सर्किल का बीकेटी, इटौंजा, सैरपुर, महिगवां थाना होगा।
पूर्वी जोन : इसमें गोमतीनगर, विभूतिखंड और कैंट तीन सर्किल थे। नये आदेश में कैंट को मध्य जोन में शामिल किया गया है। वहीं उत्तरी जोन के गाजीपुर सर्किल को जोड़ा गया है। नये स्वरूप में तीन सर्किल गाजीपुर, विभूतिखंड और गोमतीनगर होंगे। गाजीपुर सर्किल का गाजीपुर, गुडंबा, विकासनगर, इंदिरानगर और गोमतीनगर सर्किल का गोमतीनगर, साइबर क्राइम थाना, गोमतीनगर विस्तार थाना और विभूतिखंड सर्किल का विभूतिखंड चिनहट और बीबीडी तीनों थाने पूर्ववत की भांति रहेंगे।
दक्षिणी जोन : इस जोन में मोहलालगंज सर्किल का मोहनलालगंज, नगराम और निगोहां थाना शामिल किया गया है। गोसाईगंज सर्किल में एक थाना बढ़ाया गया है। इसमें गोसाईगंज, सुशांत गोल्फ सिटी के साथ कैंट सर्किल के पीजीआई थाने को शामिल किया गया है। पीजीआई पहले कैंट सर्किल में था। इसके अलावा कृष्णानगर का कृष्णानगर, सरोनजीनगर, बंथरा और बिजनौर चारों थाने पहले की भांति रहेंगे।
यह भी पढ़ें:-Lucknow News : देवर ने किया दुष्कर्म का प्रयास, एसिड अटैक की धमकी : विरोध पर पीड़िता और पति को पीटा