लखीमपुर खीरी: पहलगाम आतंकी हमले को लेकर CM योगी बोले - यह नया भारत है, छेड़ने वाले को छोड़ेगा नहीं

लखीमपुर खीरी/पलिया कलां, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को आतंकवाद के खिलाफ जमकर बरसे। उन्होंने दो टूक कहा कि सभ्य समाज में आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं हो सकती। यह नया भारत है, छेड़ने वाले को छोड़ेगा नहीं। जो सुरक्षा में छेद लगाएगा, उसे उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री शनिवार को लखीमपुर खीरी के पलिया कलां में शारदा नदी की बाढ़ से क्षेत्र को बचाने के लिए 22 करोड़ की लागत से चल रही ड्रेजिंग व चैनलाइजेशन परियोजना का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने विधायक रोमी साहनी, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा के साथ शारदा नदी का मोटरबोट में बैठकर निरीक्षण किया। पश्चात जनसभा को संबोधित करने की शुरुआत पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों को श्रद्धांजलि देते हुए की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत किसी को छेड़ता नहीं है और कोई छेड़ेगा तो उसे छोड़ेगा भी नहीं। उन्होंने कहा कि यूपी को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था के तौर पर लाकर खड़ा कर दिया है। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत उत्तर प्रदेश को माफियामुक्त किया। प्रदेश को अराजकता और दंगों से मुक्त किया। अब हम बाढ़ के स्थायी समाधान की ओर बढ़ रहे हैं। शारदा नदी के चैनलाइजेशन से बाढ़ की समस्या खत्म की जा सकेगी। इस इलाके के ढाई लाख लोगों को बाढ़ और कटान की समस्या से राहत मिलेगी। सभा को जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भी संबोधित किया।
सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने जहां अपनी सरकार की उपलब्धियों को रखा, वहीं सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने गन्ना किसानों के भुगतान की समस्या पर कहा कि 2017 से पहले किसानों का 10-10 वर्षों का गन्ने का भुगतान बकाया रहता था। आज 105 चीनी मिलें ऐसी हैं, जो एक सप्ताह के अंदर गन्ना मूल्य का भुगतान कर रही हैं। आज लखीमपुर विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।
कहा कि राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो चुका है। कभी यह सपना था, आज हकीकत है। उन्होंने सपा और कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस जाति के नाम पर समाज को बांटने का काम कर रही हैं। समाजवादी पार्टी एक तरफ छत्रपति शिवाजी महाराज और राणा सांगा का अपमान करती है तो दूसरी तरफ क्रूर शासक औरंगजेब और बाबर का महिमामंडन करती है। जनता इसकी सच्चाई समझ चुकी है।
मंच पर मौजूद रहे जनप्रतिनिधि
मुख्यमंत्री के साथ मंच पर जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, पलिया विधायक रोमी साहनी, मोहम्मदी विधायक लोकेन्द्र प्रताप सिंह, धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी, सदर विधायक योगेश वर्मा, गोला विधायक अमन गिरि, श्रीनगर विधायक मंजू त्यागी, पालिकाध्यक्ष पलिया लक्ष्मी देवी गुप्ता, गोला पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ल रिंकू, नगर पंचायत मैलानी अध्यक्ष कीर्ति माहेश्वरी सहित सभी जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: पूर्व प्रधान ने भाजपा नेता पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बचे मंडल महामंत्री