Kanpur में युवक ने लगाई फांसी, कर्ज की वजह से चल रहा था परेशान, परिजनों में मची चीख पुकार

कानपुर, अमृत विचार। प्राइवेट नौकरी से घर का खर्च चलाना मुश्किल हुआ तो युवक ने कर्ज लिया। तगादगीरों के टोकने से परेशान युवक ने शनिवार रात फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं रेलबाजार में स्किन की बीमारी से परेशान महिला ने दरवाजे के जंगले से पानी की पाइप बांधकर फांसी लगा ली। सूचना पर पुलिस ने जांच-पड़ताल की। परिजनों में कोहराम मच गया।
चकेरी के फ्रेंड्स कालोनी निवासी 35 वर्षीय आदित्य पांडेय क्षेत्र के एक मेडिकल स्टोरी पर नौकरी करता था। दस साल पहले उसने महाराजपुर के तिलशहरी खुर्द निवासी साधना से प्रेम विवाह किया था, जिस कारण नाराजगी में पिता शीतला पांडेय ने उसे परिवार से बेदखल कर दिया था।
तब से आदित्य पत्नी और बच्चों बेटी सिद्धी व बेटा हैप्पी के साथ अलग रह रहा था। पत्नी के अनुसार जरूरत पड़ने पर आदित्य ने कर्ज लिया था, इसकी उसे जानकारी नहीं थी। जब तगादगीर परेशान करने लगे तब उसने बताया। इस पर उसे समझाकर शांत कराया और कहा किसी तरह कर्ज चुकता किया जाएगा। शनिवार रात वह बच्चों के साथ दूसरे कमरे में थी, इसी बीच आदित्य ने फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं दूसरी घटना रेलबाजार फेथफुलगंज की है। लैंडमार्ग होटल में नौकरी करने वाले शैल्डन रौस ने बताया कि उनकी 38 वर्षीय पत्नी ज्योत्सना को करीब पांच साल से स्किन एलर्जी की दिक्कत थी। काफी इलाज के बाद भी फायदा नहीं हुआ। इधर गर्मियां शुरू होने पर पत्नी के चेस्ट पर पपड़ी पड़ने लगी थी।
दो दिन पहले ही उर्सला, केपीएम और हैलट में दिखाया था। खुजली होने पर रात में वह सो नहीं पाती थी। शनिवार रात वह कमरे में अकेले बैठीं थीं। रात करीब दो बजे बेटी एलीसा ने देखा तो कूलर चला दिया और कमरे में जाकर सो गई। वह सुबह पांच बजे उठे तो देखा दरवाजे के जंगले से पानी की पाइप बांधकर पत्नी ने फांसी लगा ली थी। गले में फंदा कसने के बाद वह बैठ गई थीं, जिससे दूर से देखने पर पता चला कि बैठी हैं। जब बगल पहुंचकर पुकारा तो गले में फंदा देखकर सन्न रह गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी। शैल्डन ने बताया कि एक बेटा एलिक्स है। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।