लखनऊ में दर्दनाक हादसा: भट्ठे के गड्ढे में भरे पानी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, परिजनों में कोहरम

लखनऊ में दर्दनाक हादसा: भट्ठे के गड्ढे में भरे पानी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, परिजनों में कोहरम

गोसाईंगंज/लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज के मोहम्मदपुर गढ़ी गांव स्थित ईंट भट्ठे के गड्ढे में भरे पानी के अंदर रविवार दोपहर दो सगे भाई डूब गए। हादसे में दोनों की मौत हो गई। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दिया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।

सीतापुर के खानपुर मजरा शेखपुर निवासी दीपक कुमार मोहम्मदपुर गढ़ी स्थित कंचन ब्रिक फील्ड (ईंट भट्ठे) में ईंट पथाई का काम करता है। भट्ठे के पास बने झोपड़ी में वह परिवार के साथ रहता है। परिवार में पत्नी व तीन बच्चे हैं। रविवार को वह पथाई के काम में लगा था। बच्चे पास में खेल रहे थे। उसके दो बेटे रवि (8) और रोहित (6) झोपड़ी से निकल गये। वहीं पांच वर्षीया बेटी मां के साथ अंदर थी। दोपहर 12 बजे झोपड़ी से निकले दोनों बच्चे वापस नहीं आये तो दीपक व उसकी पत्नी ने सोचा की खेल रहे होंगे।

खाना खिलाने के लिए तलाशा तो मिला शव

दोनों काफी देर तक झोपड़ी में नहीं पहुंचे। मां ने दोनों बच्चों के भूखे होने की बात कहकर तलाश करनी शुरू किया। बच्चों को आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। दीपक भी तलाश में निकल गया। दोनों भट्ठे में बने गड्ढे के पास पहुंचे। गड्ढे में नहर का पानी भरा था। वहां एक बच्चे का हाथ दिखा। पास गया तो दोनों बच्चे गड्ढे में डूब गये थे। दीपक ने तत्काल दोनों को बाहर निकाला, लेकिन सांसे थम गई थी। दीपक और उसकी पत्नी ने जब अपने दोनों बच्चों के शवों को देखा तो वह बदहवास हो गए। जिन्हें भट्ठे पर काम करने वाले अन्य लोगों ने किसी तरह से संभाला। घटना की जानकारी पुलिस को दी।

गड्ढे में नहर का पानी भरने से हुई घटना

भट्ठों पर ईंट पथाई के लिए लोग अक्सर गड्ढे बना कर पानी भर लेते है जिससे ईंट पथाई में आसानी रहती है।इसी तरह कंचन ब्रिक फ़ील्ड् भट्ठे पर भी गड्ढा बना हुआ था। वहीं भट्ठे के पास से नहर निकली हुई है। शनिवार की रात अचानक नहर कट गई थी। जिसके चलते भट्ठे में स्थित गड्ढे में काफी ज्यादा पानी भर गया था।आशंका जताई जा रही है कि उसी में डूबने से दोनो बच्चों की मौत हो गई।

परिवार चलाने के लिए रह रहे थे घर से दूर

सीतापुर जिले का रहने वाला दीपक घर छोड़कर पत्नी व बच्चों के साथ भट्ठे पर झोपड़ी में रहकर यह सोचकर मेहनत से मजदूरी कर रहा था पैसे कमा लेंगे तो परिवार अच्छे से चलेगा लेकिन उसे क्या मालूम था कि उसके दो दो बच्चे उसे छोड़कर हमेशा के लिए चले जाएंगे। इंस्पेक्टर गोसाईगंज ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।