अयोध्या: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निकाला धन्यवाद जुलूस, बांटी मिठाई, जानें क्या कहा..

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। राहुल गांधी द्वारा जातीय जनगणना कराने हेतु केंद्र सरकार को बाध्य करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धन्यवाद जुलूस निकाला तथा राहगीरों को मिठाई बांट कर खुशी व्यक्त की। कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन पर इकट्ठा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा यह कदम सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसकी कांग्रेस पार्टी लंबे समय से मांग करती रही है।

उन्होंने  जातीय जनगणना को  गरीबी की मुक्ति के लिए एक शक्तिशाली कदम बताया, जो देश के विकास के लिए आवश्यक है।  महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा राहुल गांधी ऐसे न्याय योद्धा हैं जिसने देश के दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों को हिस्सेदारी और भागीदारी दिलाने की ठानी। उनके हौसले ने चुनिंदा पूंजीपतियों के लिए काम करने वाली सरकार को जातिगत जनगणना करवाने के लिए मजबूर कर दिया। जिसकी कांग्रेस पार्टी लंबे समय से मांग करती रही है। 

कहा कांग्रेस पार्टी भाजपा से अपेक्षा करती है कि वह इस निर्णय को केवल चुनावी रणनीति तक सीमित न रखे, बल्कि इसे ईमानदारी से लागू करे। पूर्व जिलाध्यक्ष रामदास वर्मा ने कहा जातिगत जनगणना देश में विकास की नई कहानी लिखेगी, ये विकास की एक नई शुरुआत है। पूर्व प्रदेश सचिव कर्मराज यादव ने कहा कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी लगातार जातिगत जनगणना कराने की मांग कर रहे थे। राहुल जी ने लोकसभा में कहा था- हम जातिगत जनगणना करवाकर रहेंगे और इसी सदन के अंदर इसे पास करवाकर रहेंगे।

पूर्व जिला प्रवक्ता शीतला पाठक तथा जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र मणि पांडे ने कहा जातिगत जनगणना से देश की सामाजिक संरचना की वास्तविक स्थिति का पता चलेगा, जिससे वंचित वर्गों के लिए योजनाएं और नीतियाँ अधिक प्रभावी ढंग से बनाई जा सकेंगी।

धन्यवाद जुलूस में प्रमुख रूप से पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामेंद्र त्रिपाठी, अनिल तिवारी, सेवादल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्रा, धीरेंद्र सिंह बबलू, डीएन वर्मा, राम अभिलाख पांडे, धर्मेंद्र सिंह फास्टर, अरुण साहू, कवींद्र साहनी, रामसागर रावत, प्रवीण श्रीवास्तव, करण त्रिपाठी, अवधेश तिवारी, जिओ हैदर , हरजीत सिंह सलूजा, मोहम्मद सलीम, द्वारिका पांडे, अशोक राय, अशोक कनौजिया, बीएन तिवारी, सरजू प्रसाद वर्मा आदि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार