हल्द्वानी: रोडवेज यात्रियों की कहीं भी हो सकती है कोरोना की सैम्पलिंग
अमृत विचार,हल्द्वानी। दिल्ली में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देख उत्तराखंड परिवहन निगम गंभीर हो गया है। अधिकारियों द्वारा सभी डिपो को निर्देशित किया है कि दिल्ली से बस में बैठकर हल्द्वानी या रुद्रपुर लौट रहीं सवारियों को रास्ते में न उतारें। यात्रियों को सीधा बस स्टेशन तक लाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम कभी …
अमृत विचार,हल्द्वानी। दिल्ली में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देख उत्तराखंड परिवहन निगम गंभीर हो गया है। अधिकारियों द्वारा सभी डिपो को निर्देशित किया है कि दिल्ली से बस में बैठकर हल्द्वानी या रुद्रपुर लौट रहीं सवारियों को रास्ते में न उतारें। यात्रियों को सीधा बस स्टेशन तक लाया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की टीम कभी भी रैंडम चेकिंग कर यात्रियों के सैंपल ले सकती है। स्टेशन प्रभारियों ने चालक व परिचालकों को इस आदेश का पालन करने को कहा है। कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से खतरा और बढ़ गया है। बता दें कि पहले यह निर्देश थे कि लंबे रूटों सहित अन्य जगहों को आने-जाने वाले यात्रियों का पूरा ब्यौरा रखा जाए जिससे एलआइयू व स्वास्थ्य विभाग को संदिग्ध मरीज तलाशने में परेशानी का सामना न करना पड़े।
वहीं, हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन इंचार्ज रवि शेखर कापड़ी ने बताया कि अब आदेश आया है कि जो यात्री दिल्ली से रुद्रपुर तक की सवारी कटाएंगे उन्हें रुद्रपुर बस अड्डे पर उतारा जाएगा। और जिन्होंने हल्द्वानी तक का टिकट कटवाया है। वो सवारी भी सीधे स्टेशन पर छोड़ी जाएगी। इससे पूर्व यात्री अपनी सुविधा के हिसाब से रास्ते में उतर जाते थे। मगर अब सैंपलिंग के लिए उन्हें सीधा स्टेशन लाया जाएगा।
सीएमओ ने कहा नहीं मिला कोई आदेश
एक तरफ जहां परिवहन विभाग को आदेश मिले हैं कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी कहीं भी रोडवेज की बसों को रोक कर यात्रियों की कोरोना सैंपलिंग कर सकते हैं और यात्रियों को बीच में न उतारा जाए सीधा स्टेशन ही लाया जाए। वहीं खुद सीएमओ भागीरथी जोशी का कहना है कि उन्हें ऐसा कोई मौखिक या लिखित आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। इन सबके बीच अब उन यात्रियों के लिए फजीहत होने वाली है जो अपने घर के निकट के चौराहों, मोड़ों और घर की समीपवर्ती सड़क पर बस रुकवा लेते थे।
