नैनीताल: आग लगने से दो लोग जिंदा जले
नैनीताल/हल्द्वानी। यहां नैनीताल, हल्द्वानी में आग लगने की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। नैनीताल में शनिवार देर रात घर में लगी आग में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। बलिया से मजदूरी के लिए हल्द्वानी आए बुजुर्ग मजदूर की बिस्तर में आग लगने के बाद झुलसने से मौत …
नैनीताल/हल्द्वानी। यहां नैनीताल, हल्द्वानी में आग लगने की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। नैनीताल में शनिवार देर रात घर में लगी आग में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। बलिया से मजदूरी के लिए हल्द्वानी आए बुजुर्ग मजदूर की बिस्तर में आग लगने के बाद झुलसने से मौत हो गई। नैनीताल में रात्रि करीब ढाई बजे मल्लीताल बड़ा बाजार में मामू स्वीट्स की दूसरी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली। इस पर अग्निशमन विभाग की पूरी टीम तीन वाहनों के साथ मौके पर पहुंची।
इस दौरान लोग आग बुझाने में जुटे रहे लेकिन घर में मौजूद पैरालिसिस से ग्रस्त बताए गए 65 वर्षीय रवींद्र बिष्ट पुत्र आनंद बिष्ट के होने का किसी को खयाल नहीं रहा। बाद में वह मृत मिले। आग बुझाने के दौरान घर में रखे गैस सिलेंडर हटाने में गृह स्वामी हरेंद्र बिष्ट पुत्र आनंद बिष्ट व उनकी पत्नी नीमा बिष्ट तथा शिवा बिष्ट पुत्र स्व. कुलदीप बिष्ट के हाथ-पैर झुलस गए। उन्हें बी.डी पांडे जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
उधर उत्तर प्रदेश के बलिया से मजदूरों का एक दल रविवार शाम हल्दूचौड़ खनन निकासी गेट पहुंचा। खाना खाने के बाद सभी मजदूर सोने चले गए। 70 वर्षीय राजनाथ राजभर एक दुकान में सो रहा था। इस दौरान उसके बिस्तर में आग लग गई। उसकी जलकर मौके पर ही मौत हो गई।
आग लगता देख आसपास के लोगों ने दमकल की गाड़ी को सूचना दी। देर रात दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। मजदूर उत्तर प्रदेश में बलिया के नरही नगरा गांव का रहने वाला था और रविवार को ही यहां मजदूरी करने पहुंचा था।
