बदायूं: पुरानी रंजिश में फायरिंग से फैली दहशत...प्रधान समेत दो लोगों को लगी गोली

बदायूं: पुरानी रंजिश में फायरिंग से फैली दहशत...प्रधान समेत दो लोगों को लगी गोली

कुंवरगांव, अमृत विचार। पुरानी रंजिश को लेकर थाना कुंवरगांव क्षेत्र के एक गांव में सोमवर सुबह दो पक्ष में विवाद हो गया। मारपीट और फायरिंग हुई। ग्राम प्रधान के पैर और दूसरे पक्ष के एक युवक के हाथ में गोली लगी। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

गांव खासपुर के प्रधान सगीर अहमद पुत्र मसूद का गांव निवासी नन्हें पुत्र जियाउद्दीन से पुरानी रंजिश चल रही है। दोनों में आए दिन विवाद होता रहता है। फायरिंग में गांव में दहशत फैलती है। वह दोनों सोमवार सुबह छह बजे भी आमने-सामने आ गए। खेत पर दोनों पक्ष में जमकर मारपीट हुई। प्रधान सगीर का आरोप है कि वह अपने भतीजे के साथ बाइक से खेत पर फसल देखने के लिए जा रहे थे। रास्ते में घात लगाकर बैठक नन्हें ने उन पर हमला कर दिया। प्रधान के पैर में गोली मार दी। वहीं दूसरे पक्ष के नन्हें के बेटे तफसीर का आरोप है कि वह मक्का की फसल की सिंचाई कर रहे थे। चार-पांच लोग और उन्हें गोली मार दी। जो उनके हाथ में लगी। दोनों को भर्ती कराया गया है। पुलिस फायरिंग की घटना को संदिग्ध मान रही है।
 
28 दिसंबर को भी दोनों पक्ष में झगड़ा के दौरान फायरिंग हुई थी। प्रधान की तहरीर पर नन्हें पक्ष के चार लोग और नन्हें की पत्नी शहनाज की तहरीर पर प्रधान पक्ष के छह लोगों पर मारपीट, बलवा आदि मामले की रिपोर्ट दर्ज की थी। चर्चा है कि तीन दिन पहले भी प्रधान ने नन्हें को पीटा था। पुलिस ने दोनों पक्ष का शांतिभंग में चालान किया था। ग्रामीणों के अनुसार प्रधान का विवाद से पुराना नाता है। कुंवरगांव में साल 1995 से अब तक कई रिपोर्ट दर्ज हो चुकी हैं। वहीं प्रधान के भाई शाहिद आलम पर भी कुंवरगांव में 10 मामले दर्ज हैं। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष में पुराना विवाद है। मामला संदिग्ध लग रहा है। आगे की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें-बदायूं: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट की आई बाढ़...पुलिस ने किए दो गिरफ्तार