सैनिकों के सम्मान में निकाली गई तिरंगा रैली : सेना का ‘ऑपरेशन सिंदूर’ राष्ट्र गौरव का प्रतीक
Tiranga rally taken out in Barabanki: सोमवार को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और सैनिकों के सम्मान में विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। राज्यमंत्री सतीश शर्मा के नेतृत्व में यह यात्रा सुबह 9 बजे बनीकोडर ब्लॉक परिसर से शुरू हुई। यात्रा भिटरिया चौराहा होते हुए मिनी स्टेडियम तक पहुंची। इसमें हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। लोगों ने तिरंगा हाथ में लेकर देशभक्ति के नारे लगाए।
कार्यक्रम का समापन मिनी स्टेडियम में हुआ। राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने अपने संबोधन में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जिक्र किया। उन्होंने देश के वीर जवानों के शौर्य की सराहना की। राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के साहसिक अभियान को राष्ट्र सम्मान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि देश के बहादुर सैनिकों ने अपनी वीरता के माध्यम से ऑपरेशन सिंदूर को आतंकवाद के उन्मूलन का पर्याय बना दिया। ऑपरेशन सिंदूर केवल सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि आत्मरक्षा और राष्ट्र सम्मान की पुनर्स्थापना का संकल्प है। यह तिरंगा यात्राएं न केवल शहीदों को श्रद्धांजलि हैं, बल्कि पूरे देश को आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दे रही है।
यात्रा में पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, भाजपा नेता दिलीप मिश्रा, विवेक तिवारी और जवाहरलाल वर्मा शामिल हुए। जिला पंचायत सदस्य अभिषेक वर्मा, मंडल अध्यक्ष बनीकोडर नीरज सिंह और प्रधान संघ अध्यक्ष प्रदीप सिंह भी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए उपजिलाधिकारी अनुराग सिंह, तहसीलदार प्राची त्रिपाठी और पुलिस उपाधीक्षक जटाशंकर मिश्र तैनात रहे। खंड विकास अधिकारी विनय कुमार मिश्रा भी अपनी टीम के साथ उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें :-झारखंड गैंग के 23 सदस्य गिरफ्तार : टप्पेबाजी और चोरी की वारदातों को देते थे अंजाम
