गोंडा में बड़ा हादसा: मिट्टी का टीला ढहने से तीन श्रमिकों की मौत, ठेकेदार की हालत नाजुक
गौरा चौकी, गोंडा, अमृत विचार। छपिया थाना क्षेत्र के पिपरा माहिम गांव में बुधवार की रात मजार निर्माण के लिए जेसीबी मशीन से नींव खोदते समय बड़ा हादसा हो गया। खोदाई के दौरान मिट्टी धंसने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया है।
छपिया थाना क्षेत्र के पिपरा माहिम गांव स्थित मासूम-ए-मिल्लत की मजार निर्माण की नींव खोदी जा रही है। बुधवार को मजार के दोनों तरफ खोदाई का कार्य चल रहा था। यह कार्य मजार के देखरेखकर्ता फरजान रजा की निगरानी में हो रहा था। रात करीब नौ बजे जेसीबी से मिट्टी हटाई जा रही थी कि तभी अचानक मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। मलबे में फरजान रजा (38), शकील मोहम्मद (50), अशद (14) निवासी पिपरा माहिम और फकीर मोहम्मद (20) निवासी रजवापुर थाना मनकापुर दब गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और सभी को बाहर निकाला।
गंभीर रूप से घायल फरजान रजा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादुल्लाहनगर ले जाया गया, जहां शकील, अशद और फकीर की मौत हो गई जबकि फरजान रजा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। फरजान की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष छपिया भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में घटना को लेकर शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें : 22nd May History: आज ही के दिन राजा राम मोहन राय का हुआ था जन्म
