बदायूं : अलग-अलग सड़क हादसों में रामपुर निवासी युवक समेत दो की मौत
थाना फैजगंज बेहटा और कोतवाली बिल्सी क्षेत्र में हुए हादसे
बिल्सी/ओरछी, अमृत विचार। थाना फैजगंज बेहटा और कोतवाली बिल्सी क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में रामपुर निवासी युवक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए।
जिला रामपुर के थाना शाहबाद क्षेत्र के गांव वनदार निवासी नन्हें (30) अपनी बहन के गांव महौरी आए थे। जहां से वह अपने साले की शादी के लिए सामान की खरीदारी कराने के लिए शनिवार शाम बाइक से कस्बा बिसौली जा रहे थे। फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव सैंडोला चौराहे के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आए कैंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में नन्हें गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को बिसौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां शनिवार रात नन्हें की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दूसरा हादसा कोतवाली बिल्सी क्षेत्र के गांव सिरासौल के पास हुआ। गांव सिरासौल सीताराम पट्टी निवासी सूरजपाल (19) कोल्ड स्टोर में मजदूरी करते थे। शनिवार रात वह साइकिल से वापस गांव लौट रहे थे। रात लगभग 10 बजे तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। साइकिल सवार सड़क पर दूर जा गिरे और बेसुध हो गए। ग्रामीणों ने बिल्सी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सूरजपाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर किया। हालत बिगड़ने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज ल जाया गया। जहां इलाज के दौरान रविवार तड़के घायल की मौत हो गई।
युवक की मौत, पत्नी पर विषाख्त पदार्थ देने का आरोप
थाना उघैती क्षेत्र के गांव खितौरा निवासी मुजफ्फर (24) पुत्र मुनव्वर गाड़ी चलाते थे। शनिवार रात उनका किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया था। रात को युवक की मौत हो गई। पत्नी घर से कहीं चली गई। शहर देकर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के भाई सद्दाम हुसैन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि भाई की उसकी पत्नी से अक्सर अनबन रहती थी। आए दिन विवाद होता रहता था। शनिवार को भी दोनों में झगड़ा हुआ था। आरोप लगाया कि मुजफ्फर की पत्नी ने उसे विषाख्त पदार्थ दिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन निजी अस्पताल ले गए थे। जहां इलाज के दौरान मौत हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी कमलेश मिश्रा ने बताया कि युवक की मौत हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छत से गिरी महिला की इलाज के दौरान मौत
उसहैत निवासी मुन्नी देवी (70) पत्नी श्यामाचरन शुक्रवार रात छत पर सोई थीं। रात में वह शौच के लिए उठीं। इसी दौरान उनका पैर फिसला और वह घर के बरामदे में जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। तेज आवाज सुनकर परिजन जागे। महिला के बेटे पवन गुप्ता ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान रविवार को मुन्नी देवी ने दम तोड़ दिया। अटेना गंगा घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया। पूर्व चेयरमैन गौरव गुप्ता, युवा मंच राष्ट्रीय अध्यक्ष ध्रुव देव गुप्ता, रमेश चंद्र गुप्ता, अखिलेश गुप्ता आदि ने शोक व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें - बदायूं: चोरी के चार आरोपी गिरफ्तार...तमंचा व कारतूस समेत माल बरामद
