शाहजहांपुर: कार पंचर कर बैग उड़ाने वाले गैंग के चार सदस्य गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर,अमृत विचार। शाहजहांपुर के थाना आरसी मिशन और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। अंतरजनपदीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है। इस गैंग ने शहर में दो घटनाओं को अंजाम दिया था। घटना के खुलासे के लिए एसपी ने आरसी मिशन पुलिस के साथ एसओजी टीम …

शाहजहांपुर,अमृत विचार। शाहजहांपुर के थाना आरसी मिशन और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। अंतरजनपदीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है। इस गैंग ने शहर में दो घटनाओं को अंजाम दिया था।

घटना के खुलासे के लिए एसपी ने आरसी मिशन पुलिस के साथ एसओजी टीम को लगाया था। गिरोह के दो सदस्य फरार हैं जबकि दो नाबालिग सदस्य बाल संरक्षण गृह में बंद हैं। गिरोह के पास नकदी, असलहा, एक कार, दो बाइक व चार मोबाइल बरामद हुए हैं। पुलिस टीम फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

थाना आरसी मिशन क्षेत्र में पुवायां निवासी व्यापारी विजय कुमार मेहरोत्रा 14 अक्टूबर को कार से रोजा जा रहे थे। पुत्तूलाल चौराहा के पास उनकी कार पंचर हो गई। वह पास की दुकान पर पंचर सही कराने लगे। इसी बीच उनकी कार में पीछे की सीट पर रखा बैग चोरी हो गया। इसमें 3.90 लाख रुपये थे। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई तो उसमें एक बच्चा बैग निकालते हुए दिखाई दिया था लेकिन उसका चेहरा स्पष्ट नहीं हो रहा था।

इसी तरह से एक घटना और हुई थी। 8 अक्टूबर को साउथ सिटी निवासी सुदेश कुमार सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया था कि उनकी कार के बोनट पर तेल डालकर टप्पेबाजों ने बैग चोरी कर लिया। इसमें नकदी थी। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज किया गया था। एक सप्ताह के अंदर टप्पेबाजी की दो घटनाएं होने पर एसपी एस आनंद ने मामले को गंभीरता से लिया और आरसी मिशन टीम के साथ एसओजी को खुलासे के लिए लगाया। एसओजी टीम ने सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस की मदद से गिरोह का पता लगाया।

एसपी एस आनंद ने बताया कि एसओजी टीम को सूचना मिली थी कि यह गैंग फिर से किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। एसओजी व थाना आरसी मिशन टीम ने मुठभेड़ में गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। जबकि दो मौके से फरार हो गए। गैंग में एक महिला भी है। पूछताछ में पता चला कि यह गैंग मूल रूप से तमिलनाडु का रहने वाला है। इन्होंने अपने घर दिल्ली और कासगंज में बना लिए हैं। गैंग की मदद चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हुसैनपुरा में रहने वाला राकेश श्रीवास्तव करता था। वह गैंग के सदस्यों को शरण देता था। इसके एवज में चोरी की गई रकम में हिस्सा लेता था।

पकड़े गए सदस्यों में साउथ दिल्ली थाना अंबेडकर नगर क्षेत्र के मदनगिरी क्षेत्र निवासी लक्ष्मण, उसकी भाभी मंजुला व कासगंज जिला के थाना नई बस्ती लाइन पार क्षेत्र के शांतिपुरी इलाका निवासी शेखर है। फरार सदस्यों में साउथ दिल्ली के थाना अंबेडकर क्षेत्र के मुहल्ला मदनगिरी निवासी किशन व इसी इलाके का संजय है। जबकि गैंग में शामिल लक्ष्मण का बेटा बाल सुधारगृह बरेली में व लक्ष्मण का बेटा बाल संरक्षणगृह लखीमपुर में बंद है। पकड़े गए अपराधियों के खिलाफ बरेली, दिल्ली और शाहजहांपुर में दर्जनों मामले दर्ज हैं। गैंग मदनगिरी गैंग के नाम से कुख्यात था।

हाईप्रोफाइल इलाकों में बना रखे थे मकान
टप्पेबाज गिरोह के सदस्य मूल रूप से तमिलनाडु के रहने वाले हैं लेकिन इन्होंने साउथ दिल्ली के थाना अंबेडकर नगर क्षेत्र के मदनगिरी क्षेत्र में अच्छे मकान बना रखे हैं। लूटी गई रकम का मकान बनाने में ज्यादा इस्तेमाल करते थे। इसके साथ ये लोग खाने-पीने के भी काफी शौकीन थे। जो भी रकम होती थी, उसको आपस में बांट लिया जाता था। मकान बनाने के अलावा बचने वाली रकम को खानेपीने में उड़ा देते थे। बच्चे के पकड़े जाने पर उनकी पैरवी में भी रकम खर्च करते थे।

ये हुई बरामदगी

  • 24 हजार रुपये नकद
  • दो तमंचे, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस
  • एक कार व दो बाइक
  • चार मोबाइल

“अक्टूबर में थाना आरसी मिशन क्षेत्र में टप्पेबाजी की दो घटनाएं होने के बाद मामले के खुलासे के लिए एसओजी टीम को लगाया गया था। टीम ने गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। जिसमें एक महिला भी शामिल है। आरोपियों ने कई घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की है। फरार दो सदस्यों को पुलिस टीम तलाश कर रही है।” -एस आनंद, एसपी

संबंधित समाचार