जलालाबाद: एक दिन की एसडीएम निकिता ने बाबू को लगाई लताड़

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, जलालाबाद। बीसवीं सदी में एस शंकर द्वारा निर्देशित और अनिल कपूर द्वारा अभिनीत फिल्म नायक की तर्ज पर जलालाबाद एसडीएम सौरभ भट्ट द्वारा शासन की मंशानुरूप नारी शक्ति के प्रोत्साहन को उत्तर प्रदेश सरकार के अभियान मिशन शक्ति को मूर्त रूप देने के लिए जलालाबाद की होनहार छात्रा निकिता सिंह को एक दिन …

अमृत विचार, जलालाबाद। बीसवीं सदी में एस शंकर द्वारा निर्देशित और अनिल कपूर द्वारा अभिनीत फिल्म नायक की तर्ज पर जलालाबाद एसडीएम सौरभ भट्ट द्वारा शासन की मंशानुरूप नारी शक्ति के प्रोत्साहन को उत्तर प्रदेश सरकार के अभियान मिशन शक्ति को मूर्त रूप देने के लिए जलालाबाद की होनहार छात्रा निकिता सिंह को एक दिन के लिए एसडीएम का कार्यभार सौंपा। निकिता सिंह ने भी फरियादियों की शिकायतें सुन शिकायतों के निस्तारण के लिए उपजिलाधिकारी से विचार विमर्श कर सम्बंधितो को दिशा निर्देश दिये।

बुधवार की सुबह जलालाबाद एसडीएम सौरभ भट्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार की मिशन शक्ति अभियान के तहत जलालाबाद के मोहल्ला आजादनगर निवासी संजय कुमार की बेटी निकिता सिंह को एसडीएम का दायित्व सौंप जनता की शिकायतों को सुनने और उसके निस्तारण का मौका दिया। एक दिन की एसडीएम बनी निकिता सिंह ने नगर पालिका के खिलाफ जन्म प्रमाण पत्र जारी करने में लेट लतीफी की शिकायत सुन सम्बंधित बाबू को तलब कर जम कर लताड़ लगाई और प्रमाण पत्रों को समय से जारी करने के निर्देश दिए। निकिता सिंह को मिली कुल पांच शिकायतों को सुनकर सभी के निस्तारण के लिए एसडीएम सौरभ भट्ट से चर्चा कर शिकायतकर्ताओं को शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिया।

एक दिन की एसडीएम बनी निकिता सिंह ने बताया कि उन्होंने एसडीएम की कुर्सी पर बैठ एसडीएम की जिम्मेदारियों को महसूस किया अंत मे एसडीएम सौरभ भट्ट ने निकिता सिंह को प्रशस्ति पत्र और उपहार भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इसके अतिरिक्त तहसीलदार अजय कुमार ने भी निकिता सिंह को उपहार देकर सम्मानित किया। एसडीएम सौरभ भट्ट ने बताया कि सरकार के मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत नारी शक्ति को प्रोत्साहन देने के लिए निकिता सिंह को एसडीएम बनाया गया था जिससे महिलाओं में संदेश जा सके कि शासन प्रशासन महिलाओं के लिए बराबर के अवसर प्रदान करता है। महिलाएं कहीं भी पुरुषों से कम नही है और सभी महिलाओं की मदद के लिए शासन प्रशासन हमेशा तैयार है।

इंटरमीडिएट की टॉप स्कॉलर रही हैं निकिता सिंह

एक दिन की एसडीएम बनी निकिता सिंह जलालाबाद तहसीलदार के वाहन चालक पद पर तैनात संजय कुमार की पुत्री हैं। जिन्होंने गत वर्ष जलालाबाद स्थित रोजी पब्लिक स्कूल से इंटरमीडिएट की परीक्षा में कॉलेज टॉप कर जिले में दूसरा स्थान पाया था। वर्तमान में निकिता सिंह रायबरेली के फिरोज गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई कर रही हैं।

संबंधित समाचार